Sports Jharkhand
महेंद्र सिंह धौनी की आजीवन सदस्यता मामले पर गलतबयानी कर रहे हैं JSCA सचिव
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:12:51


महेंद्र सिंह धौनी को JSCA की आजीवन सदस्यता मामले में सचिव संजय सहाय गलतबयानी पर उतर आए हैं। सचिव महोदय तकनीकी कारणों व कागजी कार्रवाई बाकी रहने का हवाला देकर खुद व JSCA प्रबंधन की अकर्मण्यता को छुपाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। ये बात हम नहीं बल्कि सचिव महोदय द्वारा JSCA की वेबसाइट पर सार्वजनिक किए गए दस्तावेज़ और JSCA के संवैधानिक प्रावधान बता रहे हैं। 


JSCA में आजीवन सदस्यता का क्या है नियम


JSCA के संविधान की धारा 3 में सदस्यता  लेने के तौर-तरीके का विवरण है। 

3 (a) व (c) के अनुसार

आजीवन सदस्यता के लिए विहित आवेदन फॉर्म के साथ सचिव के पास 10 हज़ार रुपये जमा कराने हैं। इसके बाद सचिव कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के समक्ष सभी आवेदनों को रखता है। कमिटी ऑफ मैनेजमेंट सदस्यता के संदर्भ में अंतिम फैसला लेती है और बगैर कारण बताए किसी भी आवेदन को खारिज़ कर सकती है। जाहिर है संवैधानिक प्रावधानों के तहत ही महेंद्र सिंह धौनी को आजीवन सदस्यता दिए जाने के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई गई होगी। जब यही प्रक्रिया अपनाई गई तो अब कौन सी कागज़ी कार्रवाई शेष रह गयी है ?

JSCA संविधान के प्रावधान आप सभी के दृष्टव्य


3 (a) Application for Life Membership shall be submitted to the Honorary Secretary in the prescribed form together with the respective fees as under:

Life Member Rs 10,000/- in a lump sum.

3 (c) The Honorary Secretary shall place before the Committee all applications received under clauses (a) & (b) for disposal. The Committee of Management shall have the power to admit or reject applications for membership/affiliation without assigning any reason. In the event of rejection of an application, the fees deposited shall be refunded within a fortnight from the date of decision by the Committee.




क्या है 24 दिसंबर 2019 व 23 मई 2020 के दस्तावेज


24 दिसंबर 2019 को सचिव महोदय के हस्ताक्षर से आइडेंटिटी कार्ड फॉर्म वेबसाइट पर जारी किया गया और सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 जनवरी 2020 तक फॉर्म को भरकर दो पासपोर्ट साइज की तस्वीरों (जो छह माह से पुरानी न हो) के साथ जमशेदपुर या रांची में जमा करा दें।

23 मई 2020 को दोबारा सचिव संजय सहाय का एक निर्देश (बगैर हस्ताक्षर के) वेबसाइट पर अपलोड किया जाता है। इसमें 19 सदस्यों की सूची के साथ सचिव  ने निर्देशित है कि आप 19 सदस्य 31 मई 2020 तक आइडेंटिटी कार्ड फॉर्म भरकर निश्चित रूप से जमा कर दें। इन 19 आजीवन सदस्यों की सूची में महेंद्र सिंह धौनी का नाम शामिल नहीं है।

JSCA के संविधान व दोनों दस्तावेजों (देखें तस्वीर) को देखने के बाद महेंद्र सिंह धौनी की आजीवन सदस्यता विवाद मामले पर दो ही परिस्थितियां उभर कर सामने आ रही हैं


पहली - महेंद्र सिंह धौनी ने आजीवन सदस्यता से जुड़े आइडेंटिटी कार्ड फॉर्म ससमय JSCA के पास जमा करा दिया है 

या

दूसरी -  महेंद्र सिंह धौनी JSCA के आजीवन सदस्यता है ही नहीं।

दोनों में से जो भी परिस्थिति हो JSCA सचिव का बयान स्वयं व JSCA की कर्तव्यहीनता को छुपाने के लिए सफेद झूठ सरीखा है।




कैसी कागज़ी कार्रवाई जो 9 माह में पूरी नहीं हो पाई लेकिन एक सप्ताह में पूरी होने का दावा कर रहे सचिव


महेंद्र सिंह धौनी की आजीवन सदस्यता से जुड़ी ऐसी कौन सी कागज़ी कार्रवाई शेष है जो JSCA सचिव 9 माह 12 दिन में नहीं कर पाए लेकिन एक सप्ताह के अंदर निपटाने का दावा कर रहे हैं। जिस JSCA के अधिकांश सदस्यों को पिछले 15 वर्षों से एनुअल रिपोर्ट से ही पता चलता हो कि फलनवा भी आजीवन सदस्य बन गया। उस संस्था में कागजी कार्रवाई की अनिवार्यता का बहाना JSCA पर नज़र रख रहे खेल प्रेमियों को नहीं पच रहा। JSCA को जानने-समझने वाले जानकार बताते हैं कि दरअसल JSCA अपनी कार्यप्रणाली से राज्य के स्टार क्रिकेटरों को बेइज्जत करने के लिए कुख्यात रहा है और संभव है कि ये प्रकरण भी उसी इतिहास का वर्तमान मात्र हो।




कोई दिक्कत नहीं है, तकनीकी व कागज़ी कार्रवाई निपटाकर आजीवन सदस्यों की सूची जल्द ही वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।


संजय सहाय, सचिव, JSCA