Sports Jharkhand
ओलंपिक गोल्ड का सपना संजोय कैडेट्स करते रहे चाकरी और JSSPS में कार्यरत कर्मचारी करते रहे मस्ती
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:31:32

रांची

sportsjharkhand.com टीम


खिलाड़ियों के सम्मान व प्रोत्साहन के लिए आयोजित कार्यक्रमों में इन दिनों खिलाड़ियों से नौकर-चाकर का काम कराने का नया फैशन चल पड़ा है। मंत्री जी के आवास से पार्टी कार्यालय होते हुए ये फैशन शनिवार को होटवार में JSSPS की खेल अकादमी तक पहुंच गया। मौका था केंद्रीय कोयला मंत्री पीयूष गोयल जी के होटवार स्थित JSSPS खेल अकादमी आगमन का। पीयूष गोयल जी जैसे ही अकादमी के कैडेट्स के बीच पहुंचे, बच्चों के चेहरे से झलक रही खुशी ने उन्हें रोमांचित कर दिया। कुछ औपचारिकताओं के बाद जब पीयूष जी मंच पर पहुंचे तो CCL CMD ने श्रीफल व शॉल ओढ़ाकर अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रम की समाप्ति से पहले पीयूष जी ने कैडेट्स के बीच ब्लेजर वितरण भी किया। दुःख की बात ये रही कि मंच से वक्ताओं ने जिन खिलाड़ियों से 2024 ओलंपिक में स्वर्ण पदक की उम्मीद जताई उन्हीं के हाथों में शॉल-श्रीफल-ब्लेजर की ट्रे थमा दी गई। वहीं पूरे कार्यक्रम के दौरान JSSPS में कार्यरत कर्मचारी नए-नए ट्रैक सूट पहनकर इठलाते रहे और कैडेट्स ट्रे ढोते रहे। पीयूष गोयल जी आयोजकों के इस व्यवहार से असहज दिखे और स्पोर्टसझारखण्ड को सूत्रों से पता चला है कि इसके लिए उन्होंने इसके लिए आयोजकों को झाड़ भी लगाई है। संभवतः इसी मामले को भांपते हुए मंच से उतरने के बाद पीयूष गोयल जी ने मीडियाकर्मियों से बात करना उचित नहीं समझा और वे निकल गए। 


आयोजकों की गलती भांप पीयूष गोयल जी ने कैडेट्स को दिया सम्मान

जब CCL CMD ने पीयूष गोयल जी का स्वागत किया तो शॉल व श्रीफल ट्रे में लेकर एक कैडेट्स पहुंचा था। पीयूष जी मामला भांपते हुए अपने गले से शॉल निकालकर कैडेट्स के गले मे डाल दिया और प्यार से गाल भी सहलाया। इसके थोड़ी देर बाद जब ब्लेजर वितरण की बारी आई तो दो कैडेट्स हाथों में ब्लेजर से सजी ट्रे लेकर मंच पर पहुंचे। यहां भी पीयूष गोयल जी ने ट्रे से ब्लेजर स्वयं अपने हाथों से टेबल पर रखा और ट्रे लेकर आए बच्चे को ब्लेजर दिया। 


...बच्चों के बीच सुरक्षित हूँ, आप (सुरक्षाकर्मी) कृपया किनारे हट जाईए...

केंद्रीय कोयला व रेल मंत्री पीयूष गोयल जैसे ही बच्चों के बीच पहुंचे उन्होंने बाच्चों से संवाद शुरू किया। संवाद के दौरान पीयूष जी की सुरक्षा में लगे जवान जब बाधा बनने लगे तो मंत्री जी ने सुरक्षाकर्मियों को किनारे जाने का आदेश दिया और कहा कि वे बच्चों के बीच पूरी तरह सुरक्षित हैं। बच्चों को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि आपसे मिलकर दिन भर की थकान दूर हो गई और मैं यहां आकर काफी अच्छा महसूस कर रहा हूँ। आप सभी खूब मेहनत करें और 2024 ओलंपिक में झारखंड का नाम व देश का झंडा बुलंद करें।