Sports Jharkhand
रांची टेस्ट पर ज़ारी JSCA के सोवेनियर से JSCA गायब !
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:57:36

 sportsjharkhand.com टीम

रांची

प्यादों को कागज़ी वज़ीर बनाने का नमूना देखना है तो नज़रे इनायत कीजिये झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की ओर, आप निराश नहीं होंगे ! यह तय है। 16 फरवरी को जबसे नयी कमिटी बनी/बनाई गई है तभी से JSCA का एक धड़ा इसके विरोध में आवाज़ बुलंद कर रहा है। उस आवाज़ को और बुलंदी खुद JSCA के क्रियाकलाप ही प्रदान कर रहे हैं। 

JSCA ने झारखण्ड की धरती पर हो रहे पहले टेस्ट को यादगार बनाने के लिए एक सोवेनियर का प्रकाशन किया है। इस सोवेनियर में JSCA के किसी भी पदाधिकारी का कोई संदेश नहीं है। पूरे सोवेनियर में एकमात्र संदेश है और वो है BCCI के संयुक्त सचिव अमिताभ चौधरी का। ना तो JSCA के किसी भी पदाधिकारी (अध्यक्ष/महासचिव) का कोई संदेश है ना ही कोई लेख-आलेख। आम तौर पर परंपरा यही रही है कि सोवेनियर छापने वाली संस्था के प्रमुख का संदेश ज़रूर रहता है। JSCA के सोवेनियर से आखिर किन परिस्थितियों में JSCA के पदाधिकारियों को बाहर किया गया। इस संदर्भ में sportsjharkhand.com की टीम ने जब JSCA के पदाधिकारियों का पक्ष जानना चाहा तो वे कन्नी काट गए। 

क्या है सोवेनियर में ? 

20 पन्ने (कवर सहित)के सोवेनियर में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री और ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के आलेख हैं। इसके अलावा भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट श्रृंखला का इतिहास और रिकार्ड्स भी दिए गए हैं। श्रृंखला में खेल रही टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी के अलावा JSCA स्टेडियम के संदर्भ में भी जानकारी दी गयी है।

मौनमोहन कमिटी पर मुहर लगाता है सोवेनियर

सुप्रीम कोर्ट के 2 जनवरी के फैसले के आलोक में 16 जनवरी को JSCA की नई कमिटी का गठन किया गया था। पदाधिकारियों के चयन के बाद से ही JSCA का एक धड़ा पर्दे के पीछे से JSCA का संचालन करने का मुखर विरोध कर रहा है। यह सोवेनियर JSCA की नयी कमिटी के मौनमोहन कमिटी होने का पुख्ता प्रमाण है। JSCA अभी भी अमिताभवा जे कहतउ, उहे होतऊ के मकड़जाल से बाहर नहीं निकल पाया है।