Sports Jharkhand
टूट ही गई JOA की HAM तिकड़ी : धृतराष्ट्र आनंद की मौजूदगी में मधुकांत बने शिकारी, हाशमी शिकार
sportsjharkhand.com टीम रांची
16:15:33

sportsjharkhand.com

रांची

झारखंड ओलंपिक संघ का चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव में 16 साल पुरानी HAM की तिकड़ी की एकता तार-तार हो गई और एस एम हाशमी को JOA की राजनीति से बाहर कर दिया गया। पूरे प्रकरण में मधुकांत पाठक शिकारी के रूप में उभरे और विशाल शर्मा को मुखौटा बनाकर हाशमी का शिकार कर लिया। मधुकांत खुद चुनाव लड़ने को इच्छुक थे लेकिन IOA के दवाब में एक कदम पीछे हटते हुए एक फर्लांग की छलांग लगाते हुए JOA पर एकक्षत्र राज्य कायम कर लिया। (JOA अध्यक्ष दिल्ली में महासचिव लातेहार में तो रांची में काम कौन संभालेगा ?) JOA चुनाव के दौरान आरके आनंद धृतराष्ट्र की भूमिका में रहे और हाशमी को झूठे आश्वासन की घुट्टी पिलाते-पिलाते JOA से बाहर करवा दिया।

दागी हाशमी बाहर, तो दागी आरके आनंद और मधुकांत कैसे अंदर !

JOA में राष्ट्रीय खेल घोटाले के आरोपी हाशमी के खिलाफ एकतरफा रुझान देखने को मिला जो एक पॉज़िटिव बात है। JOA के सदस्यों ने विशाल शर्मा को 68 जबकि एस एम हाशमी को मात्र 11 वोट दिए।

लेकिन इसी मामले के दो अन्य आरोपियों के प्रति JOA परिवार का प्यार लुटाना समझ से परे है। कितना अच्छा होता अगर JOA के सदस्य फेस अपलिफ्टिंग की इस प्रक्रिया को पूर्णतः अमल में लाते।

...और नाराज़ हाशमी निकल गए 

चुनाव परिणाम अपने खिलाफ आता देख हाशमी ने चुनाव के बाद बैठक में जाने से इनकार कर दिया और हॉली डे होम से निकल गए। उन्होंने JOA के अपने पुराने साथियों पर धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि माकूल वक़्त पर माक़ूल जवाब दिया जाएगा। हाशमी काफी नाराज लग रहे थे।

पूरी प्रक्रिया से पत्रकारों को रखा गया दूर

एक ओर वरिष्ठ पत्रकार और खेल प्रशासक विशाल शर्मा झारखंड ओलंपिक संघ के नए महासचिव चुने गए वहीं दूसरी ओर चुनाव की पूरी प्रक्रिया से मीडियाकर्मियों को दूर रखा गया। ऐसा विरोधाभाष JOA की बैठक में  देखने को मिला। कुछ पत्रकार खबर के लिए पहुंचे लेकिन उन्हें कोई भी जानकारी उपलब्ध नही कराई गई और कहा गया कि JOA कि वेबसाइट शाम तक देख लेंगे। नए महासचिव जी से अपेक्षा है कि JOA में व्याप्त वन वे कम्युनिकेशन की प्रथा को खत्म करने की दिशा में सार्थक पहल ज़रूर होगी।

चुनाव के बाद अब शुरू होगा शह-मात का असली खेल

दुश्मन का दुश्मन दोस्त होता है। ऐसे में एस एम हाशमी की नाराजगी और JOA चुनाव को लेकर एक समानांतर गुट द्वारा बनाई गई कमेटी एक प्लेटफॉर्म पर आती हुई दिख रही है। समानांतर कमेटी की बैठक 

में sportsjharkhand.com की खबर पर मुहर लगाते हुए शिव कु सिंह अध्यक्ष, भोलानाथ महासचिव और शैलेन्द्र तिवारी कोषाध्यक्ष बनाये गए इसके अलावा जंबो कमेटी का गठन भी किया गया।

तुम तो ठहरे परदेशी......अगले AGM में नज़र आओगे

दिल्ली निवासी आरके आनंद JOA के फिर से अध्यक्ष चुन लिए गए। रांची आगमन JOA के AGM, चुनाव या निगरानी के मामले के संदर्भ में ही हो पाता है। आनंद का पुराना रिकॉर्ड बताता है कि अगली बार अब उनके दर्शन AGM या निगरानी के दफ्तर में ही होंगे। एक और खास बात है यही एक चुनाव है जो आनंद लगातार 5वीं बार जीते हैं वरना दो बार लोकसभा और शायद तीन बार राज्यसभा का चुनाव हार चुके हैं। अब जहां सफलता मिले वहां टिके रहने का आनंद ही अलग होता है।