Sports Jharkhand
आका की अंगुलियों पर नाचते जेएससीए प्रशासकों की हास्यास्पद दास्तां 
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:48:37

sportsjharkhand.com टीम 

रांची

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के दस्तावेज बताते हैं कि फरवरी 2017 से कुलदीप सिंह अध्यक्ष, असीम कुमार सिंह-अजयनाथ शाहदेव-नफीस अख्तर उपाध्यक्ष, देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा सचिव और पीएस सेन कोषाध्यक्ष हैं, लेकिन क्या आपने पिछले 18 माह में कोई भी ऐसा लेटर पैड देखा जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष का नाम दर्ज हो ? जवाब नहीं ही होगा, यही कड़वी सच्चाई भी है। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद अयोग्य हो चुके लोगों के बाद जिन प्रशासकों को JSCA चलाने के लिए चुना गया, उनके नाम लेटर पैड पर नहीं हैं, ऐसा क्यों हुआ कोई जवाब देने को तैयार नहीं। लेकिन जनवरी 2017 के पहले (सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के पहले) JSCA के लेटर पैड पर पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के नाम छपे दिखते थे (देखें तस्वीर)। फिर येे बदलाव क्यो ?

1. संभव है कि जिस प्रेस में JSCA के ये लेटर पैड छपते आ रहे हों, उसमें पदाधिकारियों के नाम छापनेवाली स्याही अमिताभ चौधरी के अध्यक्ष पद से हटने के बाद ही समाप्त हो गयी हो !

2. ये भी संभव है कि JSCA की मैनेजमेंट कमिटी ने ही अपने किसी बैठक में ये निर्णय ले लिया हो कि अब लेटर पैड पर पदाधिकारियों के नाम नहीं छपेंगे। 

3. चूंकि ये JSCA है इसलिए ये भी संभव हो कि आका ने अपने कारींदों को कहकर मना करवा दिया हो कि किसी का नाम नहीं छपेगा या 

4. ये भी संभव हो कि लेटर पैड पर नाम छपा हो लेकिन स्याही ऐसी हो कि सिर्फ पदाधिकारियों को ही वे नजर आ रही हो, आम लोगों को नहीं ! 

कुछ भी संभव है लेकिन इस विषय पर कोई पदाधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं दिख रहा।    


जो स्वयं पहचान को मोहताज हैं, वो खिलाड़ियों को क्या पहचान दिलाएगा

जब पदाधिकारियों के समक्ष ही पहचान का संकट हो तो वे राज्य के क्रिकेटरों को क्या पहचान दिला पाएंगे। पिछले सत्र में झारखंड टीम का प्रदर्शन औसत से भी खराब रहा। इसके बाद इस साल चार खिलाड़ी एनओसी लेकर JSCA के प्रशासनिक मकड़जाल से निकल गए, बिहार के लिए। रिमोट कंट्रोल से चल रहे JSCA में सबकुछ ठीक-ठाक चलता हुआ दिख रहा है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत सभी पदाधिकारी आका के एक इशारे पर कदमताल कर रहे हैं। रामधारी सिंह दिनकर कि कविता की कुछ पंक्तियां हैं

...समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध 

जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध...

JSCA की शब्दावली में तटस्थता का पर्यायवाची शब्द आत्मसमर्पण होता है शायद ?