Sports Jharkhand
JSCA को COA ने भेजा त्राहिमाम मेल, मंगवाया SGM से पारित संविधान
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:24:23

sportsjharkhand.com टीम

रांची

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त COA ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) को गुरुवार को ई मेल भेजकर अब तक संशोधित संविधान की प्रति ना भेजे जाने पर कारणपृच्छा की। मेल मिलते ही JSCA हरकत में आया और आलाकमान की सहमति से जवाबी मेल का मसौदा तैयार कर भेजा गया। इस मेल में जिक्र था कि निबंधन महानिरीक्षक के यहां दस्तावेजों की औपचारिकता पूरा करने में काफी वक्त लग रहा है, इसलिए लेटलतीफी हो रही है। इसके बाद COA ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के आलोक में बदले गए संविधान की प्रति ही तत्काल भेजने का त्राहिमाम मेल भेजा। मेल मिलने के बाद गुरुवार को ही JSCA ने SGM द्वारा पारित संविधान की प्रति COA को भेज दी है। इस संदर्भ में जब स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम ने JSCA के उच्चाधिकारियों से उनका पक्ष लेने की कोशिश की तो कोई भी पदाधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं दिखा। 


सोमवार से IG रजिस्ट्रार कार्यालय का चक्कर लगा रहा JSCA 

JSCA झारखंड के IG रजिस्ट्रार के यहां निबंधित संस्था है। इसलिए संविधान में आये बदलाव को नियमसम्मत तरीके से यहां जमा करना उनकी मजबूरी है क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में COA ने राज्य संघों को ऐसा करने को निर्देशित किया है। सोमवार को JSCA के कुछ स्वयम्भू मठाधीश IG रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और संशोधन को निबंधित कराने की प्रकिया जानने की कोशिश की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। मंगलवार को प्रक्रिया की जानकारी हाथ लगी तो होश फाख्ता हो गए और फॉर्मेट की फोटोकॉपी लेकर निकलते बने। JSCA के कुछ लोग IG रजिस्ट्रार कार्यालय के लगातार संपर्क में हैं और प्रत्येक दस्तावेज पर लगातार मार्गदर्शन ले रहे हैं।


JSCA ने COA को भेजा था कंप्लायंस सर्टिफिकेट 

स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को पुख्ता जानकारी मिली है कि 23 सितंबर को SGM के अगले दिन ही COA को अध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षरित कंप्लायंस सर्टिफिकेट भेज दिया था। लेकिन कंप्लायंस सर्टिफिकेट के साथ बदले हुए संविधान की प्रति नहीं भेजी थी। इसी आलोक में COA ने मेल पर कारणपृच्छा की और मेल पर ही संविधान की प्रति मंगवाई।