sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
भारतीय हॉकी प्रशासनिक व्यवस्था में व्याप्त खामियों पर मुखर आवाज़ के लिए मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान धनराज पिल्लई पिछले दो दिनों से रांची में हैं। हॉकी इंडिया द्वारा गोरों पे करम, अपनों पे सितम की रणनीति से आहत धनराज ने भारतीय हॉकी की वर्तमान दशा व दिशा पर sportsjharkhand.com से खुलकर बात की, पेश हैं बातचीत के कुछ महत्वपूर्ण अंश
SJ : भारत में हॉकी का भविष्य कैसा है ?
धनराज पिल्लई : पिछले दो-तीन वर्षों से हॉकी ठीक दिशा में जा रही है। हमारा प्रदर्शन बेहतर हो रहा है, ये अच्छी बात है। लेकिन 33-35 खिलाड़ियों का कैम्प और देश में मौजूद विश्वस्तरीय कोच को इग्नोर कर विदेशी कोच पर 6 लाख प्रतिमाह से ज्यादा का खर्च मेरी समझ से परे है। विदेशी कोच को पैसे देने में दिक्कत नही होती लेकिन देशी कोच पैसा मांगे तो आप तो सरकारी नौकरी में हैं तो कैसा पैसा ? ये तर्क थोथले हो चुके हैं। हॉकी का भला भी मेड इन इंडिया से ही होगा, मेरा पूरा विश्वास है।
SJ : विदेशी कोच से इतनी नफरत क्यों ?
धनराज पिल्लई : इतिहास देखिए, कितने ओलंपिक गोल्ड और विश्व कप विदेशी कोच ने जिताये हैं ? सभी गोल्ड भारतीय कोच ने दिलाये हैं, तब भी उन्हीं से नफरत ! केपीएस गिल से लेकर नरेंद्र बात्रा तक से इस मुद्दे पर मेरा विरोध है और जारी रहेगा। विदेशी कोच क्या-क्या कुकर्म करते थे/हैं प्रेस को सब पता है, लेकिन आप लिखते ही नहीं !
SJ : कुछ खुलकर बताईये ?
धनराज पिल्लई : किसी का नाम तो नहीं लेना चाहूंगा लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि भारतीय टीम के एक विदेशी कोच बड़ी-बड़ी कंपनियों के जूते व अन्य सामान खिलाड़ियों को बेचते थे। मैंने जब शिकायत की तो किसी ने कुछ नहीं किया बाद में अध्यक्ष जी ने जब हटाया तो सच्चाई सामने आई।
SJ : फिर भी विदेशी कोच से इतना प्यार क्यों ?
धनराज पिल्लई : ये तो संघ के लोग बताएंगे। मैं गोरों से अच्छी चीजें सीखने का विरोधी नहीं लेकिन हमारे कोच भी श्रेष्ठ हैं, उनको भी मौका मिलना चाहिए। हमारी खूबी कलात्मक हॉकी है, इसके साथ ही तकनीक व इंदुरेन्स पर काम होना चाहिए।
SJ : कैम्प में 33 खिलाड़ियों वाला मामला क्या है ?
धनराज पिल्लई : इसे ऐसे समझिये कि पहले कैम्प में 55 खिलाड़ी होते थे, मतलब एक जगह के लिए पांच दावेदार। अब 33-35 का कैम्प का मतलब है एक जगह के लिए मात्र तीन दावेदार ? ऐसे में हॉकी का भला नही होगा। प्रत्येक जगह के लिए जितने ज्यादा दावेदार होंगे, खेल का स्तर उतना ही ज्यादा व अच्छा होगा। अभी सेकंड लाइन का आभाव दिख रहा है जो चिंता का विषय है।
SJ : JSSPS ने हॉकी अकादमी के लिए आपसे संपर्क साधा था, फिर बात क्यों नही बनी ?
धनराज पिल्लई : कुछ लोगों ने संपर्क किया था, बात आगे बढ़ी थी। लेकिन उन्हें कागज-पतर से ज्यादा प्यार था। उन्होंने मुझे 25-30 पन्नों का दस्तावेज भेजा और कहा कि इसे भरकर भेज दीजिये। एक अधिकारी ने फ़ोन पर बातचीत के दौरान मुझसे कहा कि उनके (अधिकारी) पास इसके अलावा भी कई ज़रूरी काम है, इसलिये बाद में बात करता हूँ। इस व्यवहार से अकादमी की प्राथमिकताएं पता चल गईं और मैं पीछे हट गया। अकादमी को शुभकामनाएं।
SJ : भारतीय टीम के कोच के तौर पर कब दिखेंगे धनराज पिल्लई ?
धनराज पिल्लई : अब ये तो अधिकारी ही बताएंगे वैसे आपको तो पता ही है कि मुझपर प्यार बरसानेवालों की कमी नही है। मुझसे हॉकी सीखनेवाले टीम से जुड़ गए। देर सवेर मेरी भी बारी आ ही जाएगी।
SJ : कोच और खिलाड़ी में से कौन सा रोल आपको ज्यादा पसंद है ?
धनराज पिल्लई : निश्चित रूप से खिलाड़ी का। कोई शक ही नहीं। मैदान पर जो मजा और आनंद मिलता था उसको शब्दों में बयां नही कर सकता। मैं कोच बनने की कला सिख रहा हूँ, भारत मे ये एक लंबी प्रक्रिया है। शायद किसी दिन सफलता मिल जाये ?
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत