Sports Jharkhand
गुरु के लिए 79वीं राष्ट्रीय टीटी प्रतियोगिता के ब्रांड एंबेसेडर बने धौनी
sportsjharkhand.com टीम रांची
12:47:16

sportsjharkhand.com टीम

रांची

फ्लैशबैक...

दिनांक : 12 जुलाई 2015, समय : 11 बजे सुबह, स्थान : जेएससीए स्टेडियम का स्वीमिंग पूल एरिना

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी कंट्री क्रिकेट क्लब के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचते हैं और अपने गुरु जयकुमार सिन्हा से बात करते-करते स्वीमिंग पुल के दक्षिणी-पूर्वी कोने में चले जाते हैं, लगभग 15 मिनट तक अकेले में बात होती है। इस दौरान जयकुमार सिन्हा ने धौनी से झारखंड में टेबल टेनिस को प्रोमोट करने की गुजारिश की और धौनी ने हामी भरी और कहा कि जब भी जरूरत हो आप एक फोन या मैसेज कर देना मैं जरूर आउंगा।

लगभग दो साल बाद... 

महेन्द्र सिंह धौनी ने जयकुमार सिन्हा के आग्रह को स्वीकार किया और 9-14 जनवरी 2018 तक रांची में होनेवाली 79वीं राष्ट्रीय टीटी प्रतियोगिता का ब्रांड एंबेसेडर बनने पर हामी भर दी। 


जनवरी में टीटी के राष्ट्रीय सितारे उतरेंगे होटवार में 

आगामी 9 से 14 जनवरी तक होटवार के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में 79वीं राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश में मौजूद सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी भाग लेने के लिए पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में देश भर की लगभग 35 टीमों के भाग लेने की संभावना है और इस दौरान 500 से ज्यादा खिलाड़ी और 70 से ज्यादा तकनीकी अधिकारियों रांची पहुंचेंगे। उक्त जानकारी देते हुए झारखंड टीटी संघ के चेयरमैन और राज्य सरकार के मंत्री सरयू राय और एशियन टीटी फेडरेशन के कोषाध्यक्ष धनराज चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के रूकने की व्यवस्था खेल गांव स्थित फ्लैट, जेएससीए स्टेडियम और होटलों में की जाएगी। झारखंड में पहली बार इस तरह की टीटी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है इसलिए हम मेहमाननवाजी में किसी भी तरह की कमी नहीं होने देंगे। प्रतियोगिता के आयोजन मे लगभग 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड टीटी संघ के महासचिव जयकुमार सिन्हा समेत कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।