Sports Jharkhand
दुःखद : पूर्व राष्ट्रीय एथलिट विनीता टोप्पो का निधन
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:16:41

राष्ट्रीय स्तर की एथलिट, तकनीकी पदाधिकारी, जिला एथलेटिक्स संघ की सह सचिव व JSSPS में वॉर्डन के तौर पर कार्यरत विनीता टोप्पो की शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मृदुभाषी व व्यवहारकुशल विनीता की असामयिक मृत्यु की ख़बर से रांची व झारखंड के खेल जगत में शोक की लहर है। विनीत ने अपने व्यवहार व कार्यकुशलता के कारण बहुत ही कम समय में JSSPS के LMC के सदस्यों का विश्वास जीत लिया था। उनके जिम्मे  बालिका छात्रावास के वॉर्डन की महती जिम्मेवारी थी। उनके निधन से JSSPS परिवार काफी मर्माहत है। पता हो कि विनीता 400 व 800 मीटर दौड़ में अपने समय की अच्छी धाविका थीं और JSSPS के स्थापनाकाल से ही वॉर्डन की भूमिका निभा रही थीं। विनीता के निधन पर विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है। 



मुझे तो विश्वास ही नहीं हो रहा : राजेश जायसवाल


JSSPS के LMC में प्रशासन का काम देखनेवाले राजेश कुमार जायसवाल को विश्वास ही नहीं हो रहा कि विनीता अब नहीं रहीं। जायसवाल ने स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को बताया कि शनिवार की रात विनीता से 3 मई के बाद अकादमी खुलने की संभावना को लेकर लगभग 7 मिनट बातचीत हुई। बातचीत से ऐसा लगा ही नहीं की वो किसी भी तरह की परेशानी में हैं। अहले सुबह विनीता के निधन की जानकारी मिली लेकिन मेरे लिए विश्वास करना काफी कठिन है। JSSPS के एक अन्य वॉर्डन ने भी रात में विनीता से  बात की थी।