sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
मधुमिता के रांची पहुंचते ही स्वतः स्फूर्त खेलप्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। लेकिन अफसोस की बात ये है कि ये स्वागत जिले के कुछ आलाधिकारियों के गले नहीं उतरा। शनिवार को ही जिला प्रशासन से जुड़े लोग मधुमिता को समाहरणालय परिसर में बुलाने पर अड़े थे। दर्ज़नों फोन किये गए, चेले-चपाटियों को रेस किया गया लेकिन संभव नही हो पाया। अखबार और सोशल साइट पर छाई तस्वीरों में अधिकारियों की तस्वीरें नदारद रहीं। जानकारी मिली कि इसको कंपनसेट करने के लिए जिला प्रशासन ने अपने दूत के साथ एक गाड़ी रविवार की सुबह सिल्ली स्थित बिरसा मुंडा आर्चरी सेंटर भेज दिया है। दूत ने साहब की व्यस्तता का गुणगान करते हुए संदेश सुनाया कि ओरमांझी चलना होगा, वहीं पर पहले से कार्यक्रम तय है। दूत मधुमिता को लेकर ओरमांझी पहुंचा, जहां साहेब मौजूद थे। शॉल व मोमेंटो दिए जाने की औपचारिक की आड़ में आलाधिकारियों ने मन में छिपी हुई इच्छाओं को सेल्फी और तस्वीरों के माध्यम से सहेजा और बगैर किसी देरी के आभाषी दुनिया के कोरे कागजों पर उकेर भी दिया (देखें तस्वीर)। मदद की जरूरत हो तो हम तैयार हैं, नामक आश्वासन की घुट्टी पिलाई और तालियां बटोर अधिकारी महोदय निकल गए। मिशन सेल्फी/तस्वीर कम्पलीट। मधुमिता जकार्ता से राज्य व देश का मान बढ़ाकर लौटी और अधिकारियों की इच्छापूर्ति के लिए सिल्ली से ओरमांझी पहुंच गई। लेकिन चहुंओर विकास की गंगा बहाने के लिए कागजों पर समर्पित अधिकारी अगर सिल्ली चले जातें तो क्या रौब घट जाता ? पदक और वर्षों की मेहनत के बाद विजेता का सम्मान करने के नाम पर असम्मान का व्यवहार क्यों ?
इस मानसिकता से हम कब बाहर निकलेंगे ?
एक ओर देश के प्रधानमंत्री व खेल मंत्री 4-5 सितंबर को पलक-पांवड़े बिछाकर खिलाड़ियों के स्वागत को तैयार हैं। वहीं शनिवार को जिला प्रशासन का एक भी नुमाईंदा मधुमिता के स्वागत समारोह में शामिल नहीं हुआ। उलटे जिला प्रशासन के अधिकारी इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे थे कि मधुमिता शनिवार को ही उनके कार्यालय क्यों नहीं पहुंचीं। खेल और खिलाड़ियों की विश्व पटल पर उपलब्धियों के साथ ऐसा व्यवहार कुत्सित मानसिकता का परिचायक है। अधिकारियों व उनके चेले-चपटियों से विनम्र आग्रह है कि इस ओछी मानसिकता से बाहर आईये। अगर आपका व्यवहार नहीं सुधरा तो आपके इस तरह के व्यवहार से खेल और खिलाड़ियों का नुकसान तय है, नुकसान हो गया तो फिर भविष्य में किसके साथ तस्वीरें खिंचायेंगे ? सोचिये !
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत