Sports Jharkhand
पारंपरिक गदा का खेल नए रूप में लौटने को तैयार
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:48:53

रांची

sportsjharkhand.com टीम

गदा स्पोर्ट्स फेडरेशन इंडिया के द्वारा रांची के होटल आलोका सभागार में दो दिवसीय गदा स्पोर्ट्स प्रशिक्षण कार्यशाला के साथ झारखंड में गदा स्पोर्ट्स का आगाज हुआ। गदा स्पोर्ट्स फेडरेशन इंडिया के महासचिव चित्रेंदर कुमार एवं संयुक्त सचिव नजरुल इस्लाम ने विभिन्न जिलों  से आए लगभग तीन दर्जन प्रशिक्षुओं को गदा स्पोर्ट्स की तकनीकी जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान गदा स्पोर्ट्स एसोसिएशन झारखंड का भी गठन किया गया। इसकी जिम्मेदारी झारखंड के इशांक सोनी, पंकज सोनी, संजय कुमार झा एवं आसीफ नईम को सौंपी गई है। सभी पदाधिकारी शीघ्र ही पूरी कमेटी का गठन कर राज्य में गदा स्पोर्ट्स के विकास के लिए कार्य प्रारंभ करेंगे। प्रशिक्षण कार्यशाला में रांची के अलावा पूर्वी सिंहभूम, प. सिंहभूम, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, सरायकेला खरसांवा, खूंटी, लोहरदगा के प्रशिक्षु भाग ले रहे है। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप मिर्धा एवं गणेश कुमार ने किया। प्रशिक्षण के मौके राज्य के कई खेलो से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन रविवार को 12 बजे किया जायेगा। समापन समारोह में सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। 


पारंपरिक खेल है गदा

गदा का नाम आते ही भगवान हनुमान, भीम व दुर्योधन सरीखे योद्धाओं के नाम जेहन में आने लगते हैं। ये सभी योद्धा गदा के निपुण खिलाड़ी/योद्धा थे। आधुनिक युग मे पॉइंट के साथ जोड़कर इसे खेल का रूप दिया गया है। 3-3 मिनट के 3 राउंड में होनेवाले मैच में गदा से विपक्षी खिलाड़ी के सिर पर सफलतापूर्वक वार करने पर सर्वाधिक 3 अंक मिलेंगे जबकि कमर के ऊपर अन्य किसी भी जगह पर चोट करने पर एक अंक मिलेंगे। विपक्षी खिलाड़ी को गदा से कमर के नीचे वार नहीं किया जा सकता लेकिन पैर से कमर के नीचे हमला किया जा सकता है। ज्यादा पॉइंट लानेवाला खिलाड़ी विजेता होगा।