Sports Jharkhand
दिव्यांगजन पहले T-20 मैच में भारत ने नेपाल को 8 विकेट से रौंदा
sportsjharkhand.com टीम रांची
16:10:57

sportsjharkhand.com टीम

रांची

दिव्यांगजन तीन T-20 मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में भारत ने नवोदित नेपाल को 8 विकेट से रौंद 1-0 की बढ़त बना ली है। बिरसा एग्रीकल्चर (BAU) मैदान में खेले गए मुकाबले में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले खेलने का आत्मघाती निर्णय लिया और उसके 5 विकेट शून्य रन पर ही गिर गए। पहले ओवर में ही कैलाश प्रसाद ने 4 बल्लेबाजों को आउट किया। पुछल्ले बल्लेबाज राम अधिकारी ने 21 व हेम गुरुंग ने 11 रन बनाकर टीम के स्कोर को 40 के पार पहुंचाया। नेपाल की पूरी टीम 10.4 ओवर में मात्र 45 रन पर सिमट गई। टीम के 7 बल्लेबाज अपना खाता नहीं खोल सके और अतिरिक्त के रूप में 8 रन मिले। भारत की ओर से कैलाश ने 5, विपुल ने 3 और मनदीप ने 2 विकेट झटके। जवाबी पारी खेलते हुए भारत ने विजयी लक्ष्य को 4.2 ओवर में 2 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। सुब्रो ने नाबाद 20 व जीत ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया। हेम गुरुंग व सुमन को 1-1 विकेट मिला। 

इससे पहले मुख्य अतिथि निःशक्तता आयुक्त सतीश चंद्र, BAU के कुलपति व रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह व सचिव शम्भूनाथ चौधरी व अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सीरीज की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता व पूर्व खिलाड़ी भी मौजूद रहे।