Sports Jharkhand
सुब्रतो कप U 17 का खिताब जीत BSL सेक्टर 2, बोकारो ने रचा इतिहास
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:12:20

sportsjharkhand.com टीम

रांची

BSL सेक्टर 2 बोकारो की टीम 58वीं इंटरनेशनल सुब्रतो कप प्रतियोगिता U 17 का खिताब जीत इतिहास रच दिया है। झारखंड निर्माण के बाद पहली बार झारखंड ने ये खिताब अपने नाम किया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में BSL सेक्टर 2 ने आर्मी बॉयज को 2-1 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। BSL ने पहले हाफ में 1-0 से बढ़त बनाई, इसके तुरंत बाद आर्मी बॉयज ने बराबरी की। इसके बाद BSL की ओर से 2-1 की बढ़त बनाई गई, जो अंत तक बरकरार रही। इससे पहले रविवार को खेले गए सेमीफाइनल में BSL बोकारो की टीम ने त्रिपुरा को 3-1 से हरा फाइनल में जगह बनाई थी। 

1998 का इतिहास दोहराया

BSL सेक्टर 2 बोकारो ने एकीकृत बिहार के वक़्त 1998 में भी अंडर 17 वर्ग का खिताब जीता था। इस तरह उन्होंने 19 साल पहले के इतिहास को दोहराया है। झारखंड निर्माण के बाद ये पहली सफलता है।

विजयी टीम को 5 लाख रुपये का पुरस्कार : अमर बाउरी

टीम की जीत पर खेल मंत्री अमर बाउरी ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षक और टीम स्टाफ को जीत की बधाई देते हुए 5 लाख रुपये पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होने झारखंड का मान बढ़ानेवाले सभी खिलाड़ी, प्रशिक्षक और स्टाफ के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। खेल सचिव राहुल शर्मा, खेल निदेशक रणेन्द्र कुमार और विभाग व निदेशालय के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीम को बधाई दी है। SAI प्रभारी और फुटबॉल कोच सुशील वर्मा समेत फुटबॉल से जुड़े पदाधिकारियों ने भी बधाईयां दी हैं।