Sports Jharkhand
IG रजिस्ट्रार ने संविधान संशोधन से जुड़े कई बिंदुओं पर JSCA से किया जवाब तलब 
sportsjharkhand.com टीम रांची
22:01:43

रांची

sportsjharkhand.com टीम


निबंधक महानिरीक्षक (IG रजिस्ट्रार) के यहां झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा संविधान के संशोधन का मामला दस्तावेजों की पेंच में उलझता हुआ दिखाई दे रहा है। IG रजिस्ट्रार ने JSCA के संविधान संशोधन से जुड़े कई बिंदुओं पर JSCA से जवाब तलब किया है और संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई है। स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को जानकारी मिली है कि IG रजिस्ट्रार के ऑफिस से सोमवार को SGM के मिनट्स ऑफ मीटिंग, पूर्व के AGM के मिनट्स ऑफ मीटिंग समेत कई दस्तावेजों की कमी बताते हुए लगभग आधे दर्जन आपत्ति दर्ज कराई गई है। इन आपत्तियों को दस्तावेजों के माध्यम से खारिज कराया जा सकता है लेकिन इसमें अब वक्त लगेगा। JSCA के उच्च पदस्थ सूत्रों ने भी स्वीकार किया है कि कई बिंदुओं पर आपत्ति प्राप्त हुई है। पता हो कि JSCA ने 5 अक्टूबर को IG रजिस्ट्रार के यहां संविधान संशोधन के लिए दस्तावेज जमा कराए थे। शनिवार व रविवार को छुट्टी होने के कारण सोमवार को JSCA के आवेदन पर विचारोपरांत कारणपृच्छा की गई है। JSCA को जल्द से जल्द दस्तावेज जमा कराने का निर्देश भी दिया गया है।


सुनील सिंह ने भी पत्र लिखकर दर्ज कराया है विरोध

JSCA के पूर्व जिला कन्वेनर रहे सुनील सिंह ने सोमवार को IG रजिस्ट्रार के यहां पत्र लिखकर कई तकनीकी व न्यायिक बिंदुओं पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। साथ ही निवेदन भी किया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित किया जाए।