Sports Jharkhand
कार्बन झारखंड T20 लीग पर KOVID19 का साया, दुमका डेयरडेविल्स के दो क्रिकेटर कोरोना पॉजिटिव पाए गए
sportsjharkhand.com टीम रांची
12:17:26



15 सितंबर से शुरू हो रहे कार्बन झारखंड T20 लीग पर KOVID19 का काला साया मंडराता हुआ दिख रहा है। sportsjharkhand.com को  जानकारी मिली है कि दुमका डेयरडेविल्स टीम में शामिल दो क्रिकेटरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों ने पूर्वी सिंहभूम में अपनी जांच कराई थी। जानकारी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में लगभग 20 चयनित खिलाड़ियों ने एक ही जांच सेंटर में कोरोना जांच कराई थी। इसमें से दुमका डेयरडेविल्स के दो खिलाड़ियों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गई है। पता हो कि JSCA ने लीग में भाग लेनेवाले खिलाड़ियों की कोरोना जांच अनिवार्य कर दी थी, इसी के बाद सभी क्रिकेटर कोरोना जांच करा रहे हैं। आयोजन कमिटी ने सभी खिलाड़ियों-कोच को अपनी कोरोना रिपोर्ट मेल करने का आदेश दिया है।




4 अन्य खिलाड़ी भी कोरोना पॉजिटिव ! पुष्टि का इंतज़ार


जमशेदपुर में जांच कराने वाले चार अन्य क्रिकेटरों के भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबरें आ रही हैं लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हो पायी है। अगर ऐसा हुआ तो 6 खिलाड़ी कोरोना की चपेट में आने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे। 




स्टैंड बाई की घोषणा नहीं, अब पैरवी पुत्रों को टीम में मिलेगी जगह


T20 लीग के लिए जेएससीए ने 6 टीमों के लिए 96 क्रिकेटरों के नामों की घोषणा की थी लेकिन स्टैंडबाई के लिए एक भी क्रिकेटर के नाम की घोषणा नहीं की गई थी। अब टीम में शामिल कई क्रिकेटर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पैरवी पुत्रों की बल्ले-बल्ले हो गई है। खाली हुई जगहों पर पैरवी पुत्रों को टीम में जगह देने की तैयारी शुरू कर दी गई है जानकारी मिली है कि ऐसे खिलाड़ियों को पूर्व में ही हिंट दे दिया गया था कि आप तैयार रहें। JSCA की ये कार्यप्रणाली खिलाड़ियों के बीच पहले से ही कुख्यात रही है।