Sports Jharkhand
कार्बन T20 लीग : बोकारो ब्लास्टर्स व दुमका डेयरडेविल्स ने पूरे अंक बटोरे
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:36:27



विकास सिंह के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन (18 गेंदों पर नाबाद 40 रन व 2 विकेट) की बदौलत बोकारो ब्लास्टर्स ने JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेली जा रही कार्बन T20 लीग में दूसरी जीत दर्ज की। विकास जब क्रीज पर उतरे तो टीम को जीत के लिए 33 गेंदों पर 58 रनों की जरूरत थी। विकास में 3 छक्के और 4 चौके की मदद से 18 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए टीम को जीत दिला दी। छठे विकेट के लिए कुमार देवव्रत के साथ विकास ने 26 गेंदों पर 59 रन की विजयी साझेदारी की। कुमार देवव्रत 37 रन पर नाबाद रहे। इससे पहले जमशेदपुर जगलर्स की टीम शानदार शुरुआत के बाद पूरी तरह लड़खड़ा गई। पावरप्ले में जमशेदपुर के सलामी बल्लेबाजों ने 49 रन जोड़े लेकिन इसके बाद के 14 ओवरों में जमशेदपुर के बल्लेबाज मात्र 79 रन बना पाए और इस दौरान 9 विकेट गंवा बैठे। विवेक ने 44, हिमांशु ने 23 और पप्पू ने 19 रन बनाए। बोकारो की ओर से युवराज ने 3 व विकास व प्रतीक ने दो-दो विकेट लिए।


दुमका डेयरडेविल्स का विजय अभियान जारी 

शुक्रवार को वर्षा से प्रभावित दूसरे मुकाबले में दुमका डेयरडेविल्स ने डकवर्थ लुईस नियम की बदौलत सिंहभूम स्ट्राइकर्स को 5 रन से हराया। लीग में दुमका की ये लगातार तीसरी जीत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आलोक के 40, सुप्रियो के 29 और भानू के 27 रन की बदौलत दुमका ने 3 विकेट पर 138 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी खेलते हुए सिंहभूम ने शानदार शुरुआत की और एक वक्त 14.1 ओवर में टीम 1 विकेट पर 102 रन पर थी और जीत सुनिश्चित लग रही थी लेकिन इसके बाद पारी लड़खड़ा गई और बारिश के कारण जब मैच रुका तो सिंहभूम का स्कोर 18.4 ओवर में 7 विकेट पर 122 रन था। डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार जीत से वे 6 रन पीछे रह गए। सोनू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। सिंहभूम के शिवम कुमार सूरज ने 40 और विलफ्रेड बेंग ने 40 रन बनाए। सोनू मैन ऑफ मैच चुने गए।




शनिवार के मुकाबले


9.30 बजे : रांची रेडर्स vs धनबाद डायनेमोज़

1.30 बजे : जमशेदपुर जगलर्स vs सिंहभूम स्ट्राइकर्स