Sports Jharkhand
जकार्ता एशियाई खेल : इयरफोन व डेंगू ने डुबोई दीपिका की नैया
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:29:13

sportsjharkhand.com टीम

रांची

जकार्ता एशियन खेलों में तीरंदाज़ी के महिला रिकर्व एकल, टीम व मिश्रित युगल की तीन स्पर्धाओं में पदक दिलाने की जिम्मेवारी स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी पर थी, लेकिन अफसोस की तीनों स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में ही भारतीय टीम की चुनौती खत्म हो गई। तीरंदाज़ी विश्व कप (1 साल में 5 विश्व कप) व कॉमनवेल्थ खेलों में पदकों की झड़ी लगानेवाली दीपिका को एशियाई खेलों व ओलंपिक में आखिर क्या हो जाता है ? दीपिका ने अब तक तीन एशियाई खेलों व दो ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया है। लेकिन 2010 के ग्वांग्झू एशियाई खेलों में रिकर्व महिला टीम के लिए सिर्फ एक कांस्य पदक ही जीत पाई है। इसके अलावा बड़ी प्रतियोगिताओं में हाथ खाली ही रहे हैं।

शनिवार को चीनी ताइपे के हाथों हार के साथ जकार्ता एशियन खेलों में टीम इवेंट में पदक जीतने का सपना भी बिखर गया। दीपिका के औसत से भी खराब प्रदर्शन के पीछे कई कारण रहे, उनमें से 4 प्रमुख कारण 


1. इयरफोन : सुनने में थोड़ा अटपटा लग रहा हो लेकिन पहला और सबसे महत्वपूर्ण कारण इयरफोन ही है। पुणे में भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर के आखिरी दिन दीपिका कानों में इयरफोन लगाए रोड क्रॉस कर रही थीं, उनका ध्यान ट्रैफिक पर था ही नहीं और वे ट्रक की चपेट में आते-आते बाल-बाल बचीं। इस घटना के बाद वे काफी विचलित व अवाक रह गईं। टीम के अन्य सदस्यों ने उनको ढांढस बंधाया, लेकिन ये घटना उनके मन-मस्तिष्क पर घर कर गयी।


2. टीम व परिस्थितियों के साथ समन्वय का अभाव : दीपिका तीरंदाज़ी टीम के अन्य सदस्यों के साथ जकार्ता नहीं गयी। टीम के सभी सदस्य दो-तीन दिन पहले ही जकार्ता पहुंचकर स्थानीय मौसम व अन्य परिस्थितियों में अभ्यास कर तारत्म्यता बना रहे थे, लेकिन दीपिका पुणे वाली घटना से उबर नही पाई थीं। इसलिए उन्होंने दो दिन का वक्त परिजनों व मित्रों के साथ बिताया। वे बाद में जकार्ता पहुंचीं और टीम से जुड़ीं। लंदन ओलंपिक में भी दीपिका ने यही गलती की थी और पहले दौर में हार के बाद बताया था कि मैदान के ढलान के कारण उन्हें परेशानी हुई थी।


3. डेंगू : दीपिका को प्रशिक्षण शिविर के दौरान ही डेंगू हो गया था लेकिन सबकुछ कंट्रोल में था। बड़ी प्रतियोगिता से पहले डेंगू के कारण शारीरिक रूप से थोड़ी परेशानी थी।


4. टीम संयोजन में प्रशासनिक चूक : एकल के बाद मिश्रित वर्ग में औसत प्रदर्शन के बाद दीपिका को टीम इवेंट में टॉप 3 में रखने पर टीम प्रबंधन को गंभीरतापूर्वक विचार करना चाहिए था। नियमों के तहत ऐसा करना संभव भी था लेकिन ऐसा नहीं हुआ।


इन चारों से इतर एक और कारण है जिसकी सार्वजनिक चर्चा जरूरी प्रतीत नहीं होती है लेकिन दीपिका के साथी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पत्रकार व मित्र सब भलीभाँति जानते हैं।