sportsjharkhand.com टीम रांची sportsjharkhand.com टीम
धनबाद से लौटकर सुशील
तुम भी लूटो, हम भी लूटें
लूटने की आज़ादी है
सबसे ज़्यादा वो ही लूटे
जिसके मत्थे ज़िम्मेदारी है
2011 के बसंत में रांची-जमशेदपुर-धनबाद में आयोजित हुए 34वें राष्ट्रीय खेल के नाम पर हुए भ्रष्टाचार का बसंतोत्सव अब भी जारी है। धनबाद के मैथन डैम स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल में आग लगने की तीसरी घटना की तफ्तीश में sportsjharkhand.com की टीम जब घटनास्थल पहुंची तो साज़िशें पेपर्दा होने लगीं। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए खरीदे गए कयाकिंग-कैनोइंग और रोइंग के करोड़ों के सामान राख में तब्दील हो चुके हैं। नाम मात्र के सामान बचे हैं, जो किसी काम के नहीं। 60 कमरों वाले हॉस्टल की सुरक्षा में मात्र दो निजी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, वो भी तीन माह से बगैर तनख्वाह के। 60 कमरों में से किसी भी कमरे में अब दरवाजा-खिड़की नही बची। लोहे के ग्रील और कैंपस का मुख्य द्वार भी चोरों ने साफ कर दिया है। सरकारी अधिकारियों की लालफीताशाही और लूट की प्रवृति से ही करोड़ों रुपये के सामान/भवन जल गए और खंडहर में तब्दील हो गए।
5.35 करोड़ की खेल सामग्री जली, 1.59 करोड़ की टूटी
दस्तावेज़ बताते हैं कि कयाकिंग-कैनोइंग और रोइंग के लिए 5.35 करोड़ के सामान खरीदे गए थे। इसके अलावा एब्सेन कंपनी के दो स्कोर बोर्ड 1.59 करोड़ की लागत से खरीदे गए थे। सामान के नाम पर दो-चार बोट बचे हैं। बाकि सभी जल गए, स्कोर बोर्ड वीराने में टूटे-फूटे पड़े हैं और चोरों का इंतज़ार कर रहे हैं।
निगरानी जांच के दौरान सामान जले लेकिन किसी ने नही ली सुध
मैथन में सबसे पहले फरवरी 2014 में आग लगी। उसके बाद मई 2016 में भी आग लगी, उस वक़्त 28.38 करोड़ रुपये के राष्ट्रीय खेल घोटालों की जांच चल रही थी (आज भी कच्छप गति से जारी है) लेकिन निगरानी के जांच पदाधिकारी ने कोई संज्ञान नही लिया। हां खेल सचिव के निर्देश पर तत्कालीन खेल निदेशक ददन चौबे जांच करने पहुंचे लेकिन उन्हें वहां कोई स्टॉक रजिस्टर ही नही मिला। सरकारी अधिकारियों ने FIR दर्ज करा अपनी ज़िम्मेवारी से मुक्ति पाई।
सामान गायब करने के बाद लगाई गई आग ?
जिस परिसर में आग लगी वहां 60 कमरे और तीन बड़े हॉल हैं लेकिन सिर्फ और सिर्फ एक ही हॉल (60 फ़ीट गुणा 30 फ़ीट) में आग लगती है ये बड़ी आश्चर्यजनक बात थी। खेल से जुड़े जानकार बताते हैं कि इतने बड़े कमरे में कयाकिंग-कैनोइंग और रोइंग की सभी सामग्री (खरीदी गई सामग्री) रखी ही नही जा सकती थी। अगर ऐसा है तो ये भी संभव है कि सामान पहले गायब किये गए फिर अपनी चोरी को छिपाने के लिए ही आग लगाई गई हो ? ना तो थाने के जांच पदाधिकारी ने इस ओर ध्यान दिया ना ही निगरानी के अधिकारियों ने।
लोहे-स्टील के सामान भी जलकर खाक !
जो सामान खरीदे गए थे उनमें लोहे और स्टील से बने कई सामान थे, उनका क्या हुआ ? क्या वो भी जल गए ? जो सामान लोहे-स्टील के थे उनमें पोर्टेबल बोट रैक, कॉलेप्सेबल बोट स्टैंड, 12-12 किलो के 56 लंगर प्रमुख थे। राख के ढेर में sportsjharkhand.com की टीम को लोहे-स्टील का एक भी सामान या उसका अवशेष नही मिला। तो ये सामान कहाँ गए ? इसकी पड़ताल तो होनी ही चाहिए।
माल झारखंड का ओडिसा खेल रहा होली
2013-14 में ओड़िसा में रोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए रोइंग के चार जोड़े बोट खेल विभाग के निर्देश पर दिए गए थे। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के आग्रह पर दिए गए बोट अब तक झारखंड नही लौट पाए हैं।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत