Sports Jharkhand
शर्मनाक : बच्चों के नाम पर 100 करोड़ खर्च, फिर भी अभिभावकों से मिलने के दौरान कुर्सी तक मयस्सर नहीं
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:15:50

sportsjharkhand.com टीम

रांची

कथनी और करनी के अंतर को प्रतिबिंबित करती झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) के अकादमी की ये तस्वीरें विचलित करती हैं। विचलित इसलिए करती हैं कि जिन बच्चों के नाम पर 100 करोड़ रुपये खर्च किये गए/जा रहे हों उन्हें अपने अभिभावकों से मिलने के दौरान एक अदद कुर्सी तक मयस्सर ना हो। ये कैसी व्यवस्था है ? फर्श पर अपने अभिभावकों के साथ बैठे अकादमी के बच्चे पूरे माह इस दिन का इंतज़ार करते हैं। इसलिए बच्चे और अभिभावक दोनों एक-दूसरे मिल दुःख-सुख की बातें साझा करने में मशगूल रहे। अभिभावकों के लिए ना तो पानी पीने की व्यवस्था थी, ना ही चाय-बिस्किट की ऐसे में नास्ते-खाने की व्यवस्था के बारे में सोचना बेमानी है। किसी ने किसी से कोई शिकायत नहीं की, क्योंकि बच्चों से एक माह बाद मिलने मात्र से ही तन-मन तृप्त हो चुका था। लेकिन स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को शिकायत है इस तरह की कुव्यवस्था से। JSSPS अभिभावकों के बैठने व नाश्ते-पानी की व्यवस्था नहीं कर सकता तो अगस्त से प्रत्येक माह के आखिरी रविवार को स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम अपनी ओर से अभिभावकों के लिए कुर्सी व चाय-नाश्ते की व्यवस्था करेगा, वो भी निःशुल्क।


LMC के कर्णधारों ने CMD के आदेश को दिखाया ठेंगा

जून माह में ही CCL CMD गोपाल सिंह ने LMC के पदधिकारियों को ये सख्त हिदायत दी थी कि आखिरी रविवार को जब अभिभावक आएं तो उनके बैठने के लिए कुर्सी और खाने-पीने का प्रॉपर इंतज़ाम सुनिश्चित किया जाए। लेकिन LMC के पदधिकारियों को खिलाड़ियों के नाम पर मौज-मस्ती और फ्री में घूमने-फिरने की आदत के सामने CMD का आदेश-निर्देश भी धरा रह गया। 


स्टेडियम के कमरों में बंद रही कुर्सियां

मुख्य स्टेडियम के टावर 1 और 2 के बीच अवस्थित बॉयज होस्टल में अभिभावकों को भले ही कुर्सियां मयस्सर ना हुई हों लेकिन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के कई कमरों में सैकड़ों कुर्सियां तालों में बंद रहीं। कुर्सियां लानेवाला कोई नही था तो योगा रूम या किसी भी डोरमेटरी में बैठने की व्यवस्था हो सकती थी। लेकिन टके सेर भाजी, टके सेर खाजा, अंधेर नगरी चौपट राजा !


LMC से जुड़े सभी अपने-अपने काम में व्यस्त

रविवार को सुबह 9 बजे से 2 बजे तक जब तक अभिभावक हॉस्टल में रहे तब तक LMC के कर्ता-धर्ता नहीं दिखे। इन बच्चों की देखभाल के लिए नियुक्त LMC का CEO चापलूसी की गंगा में डुबकी लगाने के लिए ईरान के दौरे पर जाने की तैयारियों में मशगूल रहा, शाम 4 बजे के आसपास छुट्टी में तफरीह करने VVIP गेस्ट हाउस पहुंचा, LMC का सचिव इन बच्चों के विकास पर मंथन के लिए राज्य से बाहर रहा, सभी कोच रविवार होने के कारण अकादमी से दूर रहे, कुछ कर्मचारी मौजूद थे लेकिन कोई चखना बनवाने में व्यस्त था तो कई हंसी-ठिठौली में किसी को अभिभावकों की फिक्र नहीं थी। ऐसे कद्रदानों के कंधों पर ओलंपिक गोल्ड का सपना बेमानी है।


ऐसे खर्च हुए/हो रहे हैं 100 करोड़

2015-17 के दौरान स्टेडियमों की रिपेयरिंग पर खर्च : 30 करोड़ रुपये

2015-16 का बजट : 17.48 लाख

2016-17 का बजट : 18.23 करोड़

2017-18 का बजट : 22.64 करोड़

2018-19 का संभावित बजट : 30.00 करोड़


कुल बजट/खर्च : 101 करोड़ लगभग