Sports Jharkhand
क्रिकेट छोड़ JSCA की प्राथमिकता टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, तैराकी, स्क्वाश व क्लब का संचालन : प्रवीण सिंह
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:22:28

sportsjharkhand.com टीम

लातेहार

JSCA की प्राथमिकता क्रिकेट ना होकर टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, तैराकी व स्क्वाश जैसे खेल हो गए हैं। JSCA स्टेडियम परिसर में टेनिस की अकादमी कई वर्षों से चल रही है लेकिन क्रिकेट अकादमी के लिए कोई जगह नहीं। अगर क्रिकेट प्राथमिकता होती तो लातेहार में क्रिकेट टर्फ विकेट से मैटिंग विकेट पर नही आ जाती। जिस जिले में 2012-13 में टर्फ विकेट पर क्रिकेट होता था वहां राजनीति कर क्रिकेट को टर्फ से मैट ले आया गया। उक्त बातें JSCA के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि लातेहार में JSCA का AGM होने से लातेहार के क्रिकेटरों को क्या फायदा होगा ? AGM होने के बावजूद  देवघर, हज़ारीबाग़ और गुमला में क्रिकेट का कितना विकास हुआ है, देख लीजिए और लातेहार के विकास की कामना कर लीजिए। खेल की आधारभूत संरचना के विकास के लिए मिले सैकड़ों करोड़ रुपये का अंश मात्र भी जिलों को मिला होता तो क्रिकेट कहाँ से कहाँ पहुंच गया होता। कंट्री क्लब के माध्यम से क्लब व बार का संचालन हो रहा है लेकिन पूरे झारखंड में युवा खिलाड़ियों के लिए एक भी अकादमी नहीं खोली गई। JSCA के कर्णधारों को बताना चाहिए कि पिछले 18 वर्षों के दौरान BCCI से मिले लगभग 800 करोड़ रुपये कहाँ और किसके विकास में खर्च हुए। संवाददाता सम्मेलन के दौरान सुनील सिंह, विनीत मधुकर, पी शाषिधरण, शेषनाथ पाठक, उदय भानु, प्रवीण देवघरिया, रविन्द्र, प्रकाश समेत कई खेल प्रेमी मौजूद थे।


बैडमिंटन-स्क्वाश के लिए 7 करोड़, जिलों में टर्फ विकेट के लिए अंडा : सुनील सिंह

JSCA के पूर्व सदस्य व सेव झारखंड स्पोर्ट्स के संयोजक सुनील सिंह ने JSCA पर जिला संघों के साथ दोयम दर्जे का आरोप लगाते हुए कहा कि बैडमिंटन-स्क्वाश के लिए 7 करोड़ रुपये खर्च किये गए लेकिन JSCA खुद बताए कि ज़िलों में क्रिकेट के विकास के लिए ज़रूरी टर्फ विकेट के लिए कितने रुपये खर्च किये गए। JSCA क्रिकेट के उत्थान की संस्था की जगह अब क्लब संचालन की संस्था मात्र बन गयी है।