Sports Jharkhand
खेल मंत्रालय की प्रश्नावली बम के बाद IOA अध्यक्ष व महासचिव के बीच चल रहा शीत युद्ध थमा, 10 अगस्त को साथ बैठ बनाएंगे रणनीति
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:04:33



पिछले छह माह से IOA अध्यक्ष नरेंद्र बात्रा व महासचिव राजीव मेहता के बीच चल रहा शीत युद्ध थमता नज़र आ रहा है। शीत युद्ध के थमने का कारण खेल मंत्रालय द्वारा 8 अगस्त 2020 को राष्ट्रीय खेल संघों को भेजा गया प्रश्नावली बम है। मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल संघों (NSF) से प्रश्नों का जवाब बिंदुवार 11 अगस्त तक जवाब देने का निर्देश भी दिया है। सवालों की फेहरिस्त देखकर RTI के दायरे में आए IOA व NSF की हालत सांप-छुछुन्दर सरीखी हो गई है। जवाब देने से दिल्ली उच्च न्यायालय में चल रहे मामले पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े इसलिए IOA अध्यक्ष व IOA महासचिव ने संयुक्त रूप से सभी NSF को निर्देशित किया है कि वे इसका जवाब देने के लिए खेल मंत्रालय से 4 सप्ताह का वक़्त मांगे और इसके लिए वे कोविड महामारी के दौरान कर्मचारियों के आफिस नहीं आने को आधार बनाएं। पता हो कि दिल्ली उच्च न्यायालय में एक मामला चल रहा है और इसी मामले की सुनवाई के बाद केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा NSF को दी गई मान्यता का फैसला वापस लिया जा चुका है। 




रविवार की सुबह भेजे गए त्राहिमाम संदेश


IOA के सभी सदस्यों/पदाधिकारियों को 9 अगस्त की सुबह भेजे त्राहिमाम संदेश में IOA अध्यक्ष-महासचिव ने सभी NSF से आग्रह किया गया है कि इस मामले में IOA परिवार का एकजुट रहना बहुत ज़रूरी है। मामला न्यायालय में लंबित है इसलिए सभी तरह की सावधानियां बरती जानी चाहियें। प्रश्नावली में पूछे गए प्रश्न स्पोर्ट्स कोड के दायरे के बाहर हैं इसलिए मंथन ज़रूरी है।




IOA अध्यक्ष-महासचिव 10 अगस्त को साथ बैठ बनाएंगे रणनीति


इस संदेश में ये भी सूचना दी गई है कि परिस्थितियों का आकलन व रणनीति तय करने के लिए IOA अध्यक्ष नरेंद्र बात्रा व महासचिव राजीव मेहता 10 अगस्त को मिल रहे हैं। इसी बैठक के दौरान ही इस मुद्दे पर चर्चा के लिए माननीय खेल मंत्री व खेल सचिव से मिलने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी व उनसे वक़्त मांगा जाएगा। संदेश IOA अध्यक्ष व महासचिव के संयुक्त नाम से ज़ारी किया गया है।