Sports Jharkhand
बिलटा ! तुझे दिल से सलाम
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:19:38


ख़बर के साथ जो तस्वीर है, वो मंगलवार को हरमू मुक्तिधाम की है। आपको तस्वीर में एक जलती हुई चिता और उसे जलाता हुआ एक शख्स नज़र आ रहा होगा। लेकिन जलती चिता और उसे जलाते शख्स के बीच का जो संबंध है उसे संस्कृत का ये श्लोक बयान कर रहा है


उत्सवे, व्यसने चैव दुर्भिक्षे शत्रुसंकटे।

राजद्वारे, श्मशाने यः तिष्ठति स बान्धवः।।


अर्थात् 


उत्सव, व्यसन, अकाल, शत्रुओं द्वारा संकट उत्पन्न करने के समय, राज दरबार एवं श्मशान तक जो साथ दें, वही सच्चा हितैषी कहलाने का हकदार है।


चिता को जलाता शख्स बिलटा है और चिता देवल सहाय की। वही बिलटा जिसे देवल सहाय ने क्रिकेट से जोड़ा था। बिलटा अकेले ही रांची कॉलेज मैदान में फूल मैट उठाकर मैदान में लाता। अकेले ही मैट को गाड़ता और मैच खत्म होने के बाद अकेले ही उखाड़ कर ले जाता। मैदान व पिच दुरुस्त रखने की जिम्मेवारी बिलटा की थी। इस काम के एवज में बिलटा को पैसे तो बहुत ही कम मिलते थे लेकिन क्रिकेटरों का प्यार व संबंधों का बेशुमार सागर उसे मैदान छोड़ने नहीं देता था। 


आज बिलटा चार-पांच दशक पुराने संबंधों का नमक अदा करने के लिए जब श्मशान घाट पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों को सहसा विश्वास ही नहीं हुआ। क्योंकि जिन्होंने पैर छू-छू कर क्रिकेट व क्रिकेट प्रशासन में ऊंचे मुकाम तक पहुंचे वो कोविड की आड़ में अपनी नमकहरामी को नमकहलाली का नाम दे श्मशान घाट से नदारत रहे। दूसरी ओर बिलटा बांस से अपने आराध्य को मुक्ति मार्ग की राह दिखाता रहा और अंततः चिता की आग और बिलटा के अंदर की आग एक साथ ही शांत हुई। 


बिलटा तुमने अपने भाव से बगैर बोले समाज को अतुलनीय संदेश दिया है उसके लिए sportsjharkhand.com की पूरी टीम दशों नखों से प्रणाम करती है। 





किसी पहचान का मोहताज़ नहीँ है बिलटा


70, 80 व 90 के दशक में क्रिकेट खेलनेवाले सभी क्रिकेटर बिलटा से परिचित हैं। रांची कॉलेज व आर्चरी मैदान का ग्राउंड्समैन बिलटा। वही बिलटा जिसके बगैर रांची जिला क्रिकेट लीग की कल्पना भी बेमानी थी। दोनों मैदान व पिच को खेलने योग्य बनाना व फूल मैट (22 गज) लाना-लगाना उसी के जिम्मे था। तीन दशक के दौरान शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि बिलटा और ख़िलाड़ियों के बीच तकरार हुई हो। तीन दशक तक अनवरत क्रिकेट की सेवा करने के बाद ढलती उम्र में अब बिलटा मोरहाबादी में दुकान चलाते हैं।