Sports Jharkhand
वॉलीबॉल संघ की AGM में 2018-19 में प्रशिक्षण पर ज़ोर देने का निर्णय
sportsjharkhand.com टीम रांची
15:46:53

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड वॉलीबॉल संघ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले अपनी टीम को 15 दिनों का प्रशिक्षण शिविर का आयोजन निश्चित तौर पर करेगा। इसके अलावा संघ के उप सभापति सह रांची विवि के कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय के सुझाव पर अंतर कॉलेज प्रतियोगिता के आयोजन से पहले प्रत्येक कॉलेज में वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर लगाए जाने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। अंतर विवि प्रतियोगिता से पहले भी इस तरह के शिविर लगाये जाने पर सहमति बनी। प्रशिक्षण शिविर पर जोर देने का निर्णय रविवार को रांची विवि मुख्यालय स्थित वॉलीबॉल स्टेडियम में हुई राज्य वॉलीबॉल संघ की वार्षिक आम सभा में लिया गया। आम सभा की अध्यक्षता संघ के सभापति पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने की। उन्होंने प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस दौरान संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, महासचिव शेखर बोस समेत ज्यादातर जिलों से आए प्रतिनिधि शामिल रहे। 


प्रतियोगिता के आयोजन और बजट को दी गई मंजूरी

AGM के दौरान सीनियर महिला/पुरुष प्रतियोगिता देवघर में, अंडर 21 बालक/बालिका प्रतियोगिता गोड्डा में, अंडर 19  बालक/बालिका प्रतियोगिता बोकारो में, अंडर 17 बालक/बालिका प्रतियोगिता चतरा में, अंडर 14 बालक/बालिका प्रतियोगिता व प्रीमियर लीग प्रतियोगिता पलामू में और बीच वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता गुलमोहर अकादमी, मैकलुस्कीगंज में आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए कुल 14.32 लाख रुपये के बजट को भी मंजूरी दी गई। इस निमित्त सरकार की मदद भी मांगी जाएगी। इसके अलावा पश्चिम सिंहभूम के नए अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता व महासचिव दीपक कुमार के निर्वाचन को भी मंजूरी दी गई।