Sports Jharkhand
मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स : CM साहेब के आने की सूचना के बाद विशेष सफाई अभियान में जुटे सफाईकर्मी
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:29:36

sportsjharkhand.com टीम 

रांची

CM रघुवर दास जी के औचक निरीक्षण पर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आने की खबरों के बाद सुबह से ही प्रशासनिक भवन से लेकर एथलेटिक्स स्टेडियम के मुख्य द्वार तक सफाईकर्मियों/मालियों की फौज उतर आई। कोई हेज़ काटने में व्यस्त है तो कई घास की कटाई में व्यस्त। कोई गमला सजाने में व्यस्त है तो कोई सुखी पत्तियों को हटाने में व्यस्त। कोई जमे हुए पानी को मोटर से निकालने की जुगत लगा रहा है तो कोई झोल साफ करने की जुगत। रोजाना इतनी व्यस्तता का एक चौथाई हिस्सा भी व्यस्त होते तो आज की ये नौबत नही आती।  सुबह 7.45 से 11.20 तक साफ-सफाई की टाईमलाइन


सुबह 7.45 बजे : मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित स्टेडियम में आमतौर पर रोजाना सफाई होती है, लेकिन बुधवार को मौका कुछ खास था। एथलेटिक्स स्टडियम के मुख्य द्वार के आसपास की दीवारों पर लगे झोल (मकड़े की जालियां) साफ किये जा रहे थे।  रोजाना की अपेक्षा सफाईकर्मियों की हलचल कुछ ज्यादा ही थी, वे चर्चा कर रहे थे कि CM साहेब आनेवाले हैं, 10 बजे। सफाई में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। 


9.45 बजे सुबह : मुख्य द्वार के पास घासों की कटाई और साफ-सफाई का काम जारी है। स्टेडियम परिसर में लगे गमलों से सूखी पत्तियों को हटाया जा रहा है। प्रवेश द्वार के पास सफाईकर्मी स्टेडियम में स्थित बॉयज हॉस्टल से लाई गई मशीन से फ्लोर की सफाई में जुटे हैं। ग्राउंड फ्लोर के दोनों बाथरूम में सफाईकर्मी फिनाईल से बदबुओं को दूर करने में व्यस्त।


10 बजे सुबह : LMC के एक कर्णधार मुख्य द्वार पर पहुंचते हैं। संवाददाता को देख चेहरे पर बल पड़ते हैं लेकिन आधे घंटे तक खड़े होकर फूल-पत्तियां सुलझवाते रहे। सूखे गमलों को मुख्य द्वार से हटाने का और हरे गमलों को लगाने का निर्देश देते रहे। काम तो जैसे आज खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। कोई फिनाईल की गोलियां लेकर पहुंच रहा था तो कोई झाड़ू लेकर। (देखें तस्वीर)


10.35 बजे : LMC के कर्णधार अपनी गाड़ी के ओट में खड़े-खड़े थक गए लेकिन सफाई जारी रही। कर्णधार ने एक सफाईकर्मी से कहा, अगर टॉयलेट से बदबू आई तो समझ लेना। कुछ देर बाद कर्णधार महोदय पेशानियों पर उभर आये पसीने को सुखाने के लिए VVIP गेस्ट हाऊस निकल गए। सफाई जारी रही पानी छिड़क-छिड़क कर फर्श को चमकाया जा रहा है।


11.20 बजे : CM साहेब के आने का कार्यक्रम रद्द होने की सूचना आई। सफाईकर्मियों को राहत मिली। दूसरे-तीसरे स्टेडियम से आये सफाईकर्मी निकल लिए। बाकि लंच ब्रेक पर चले गए ये बोलते हुये कि चल बाबा CM साहेब नई ऐतऊ क्लियर हो गईलवू, निकल अपन काम पे !