Sports Jharkhand
सदस्यों को AGM के नोटिस के साथ एनुअल रिपोर्ट का इंतज़ार, JSCA अपने ही संविधान को मानने से कर रहा इनकार
sportsjharkhand.com टीम रांची
22:29:15


लोढ़ा कमिटी की सिफारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त COA के दिशानिर्देशों के अनुकूल JSCA ने संविधान बनाने की औपचारिकता तो सितंबर 2019 में पूरी कर दी। लेकिन नियमों को ताक पर रखकर काम करने की बिगड़ी आदत सुधरने का नाम नहीं ले रही। बुधवार को JSCA ने नोटिस जारी कर 30 अगस्त को AGM बुलाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। लेकिन सचिव के हस्ताक्षर से जारी ये नोटिस JSCA के संविधान के प्रावधानों की धज्जियां उड़ा रही है।


AGM के नोटिस के साथ 4 दिशानिर्देश दिए गए हैं, इनमें से तीसरा निर्देश है कि सभी सदस्य 28 व 29 अगस्त को जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम व रांची के JSCA स्टेडियम से एनुअल रिपोर्ट ले लें। लेकिन JSCA के संविधान की धारा 20 (a) कहती है



20 (a) : The Honorary Secretary shall issue nine clear day’s notice to all bona fide members, with the agenda specifying the business to be transacted at the meeting. A copy of the Annual Report and the audited Statement of Accounts of the previous year shall accompany the notice. 


मतलब साफ है कि नोटिस के साथ ही एनुअल रिपोर्ट व ऑडिटेड बैलेन्स शीट की कॉपी भी सभी सदस्यों को मिलनी चाहिए थी। लेकिन JSCA ने एनुअल रिपोर्ट व ऑडिटेड बैलेन्स शीट की कॉपी किसी को नहीं भेजी और उन्हें 28 व 29 को स्वयं आकर लेने का निर्देश दिया है।


यही नहीं नोटिस के छठे एजेंडे में सचिव महोदय ने लिखा है


6. To consider any business due notice whereof given by a member under clause 20 of the JSCA Rules and Regulations.


मतलब कोई भी सदस्य अपने सवालों से जुड़ा नोटिस JSCA के संविधान की धारा 20 के तहत दे सकता है।


अब आप जानकर हैरान होंगे कि संविधान की धारा 20(c) क्या कहती है



20 (c) Notice for any motion/ resolution intended to be discussed at the Annual General Meeting shall be submitted in writing to the Honorary Secretary at least four clear days before the date fixed for the Annual General Meeting and shall be discussed by the Committee of Management before it is placed at the Annual General Meeting. Under special circumstances, however, the Chairman may, at his discretion, allow a resolution to be moved in the Annual General Meeting without notice.


साफ है कि AGM से चार दिन पहले सदस्य अपने सवालों से जुड़ा नोटिस सचिव के पास जमा कराएंगे। 30 अगस्त को AGM है, इस हिसाब से सदस्य 26 अगस्त तक ही प्रश्न पूछ सकते हैं। लेकिन जब सदस्यों के हाथों में एनुअल रिपोर्ट व ऑडिटेड बैलेन्स शीट की कॉपी ही 28 व 29 अगस्त को आएगी तो सदस्यों को 2019-20 की गतिविधियों व आय-व्यय से जुड़ा सवाल पूछना हो तो वे कैसे पूछेंगे ? ये करिश्मा JSCA में ही संभव है। 

पाठकों को याद होगा कि सितंबर 2019 में हुए JSCA के चुनाव में नाम वापसी पहले व नामांकन पत्रों की जांच बाद में कराने की तैयारी थी लेकिन sportsjharkhand.com में इससे जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के बाद गलती सुधारी गई थी।


इस विषय पर JSCA सचिव का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिल पाया।