sportsjharkhand.com टीम रांची सुशील
रांची
शनिवार को हाॅकी स्टार संदीप सिंह अपनी फिल्म सूरमा के विशेष प्रीमियर के लिए रांची में थे। न्यूक्लीयस पीवीआर में संदीप सिंह ने सीनी, टाटा ट्रस्ट, टाटा स्टील के सौजन्य से आयोजित विशेष प्रीमियर में खूंटी के ग्रामीण क्षेत्र से नोयल टाटा हाॅकी अकादमी के फीडर सेंटर से जुड़े लगभग 150 युवा खिलाड़ियों के साथ फिल्म का आनंद लिया। इसी बीच sportsjharkhand.com के फाउंडर-एडिटर-माॅडरेटर सुशील ने संदीप सिंह के साथ न्यूक्लीयस माॅल के पीवीआर हाॅल में 70 मिनट तक विभिन्न मुद्दों पर लंबी बतकही का एक पूरा मैच खेला। संदीप ने इस दौरान अधुरी तैयारी के साथ साक्षात्कार लेने पर हमें दो बार येलो कार्ड भी दिखाया। येलो कार्ड शिरोधार्य है संदीप सिंह जी !
प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश...
एसजे: एस्ट्रो टर्फ से सीधे सिल्वर स्क्रीन पर, क्यों ?
संदीप सिंह: 2014 में हमने पहली बार विचार किया युवाओं के बीच NEVER GIVE UP का स्ट्रांग मैसेज देने के लिए अपने जीवन से जुड़ी उस घटना को फोकस करते हुए फिल्म बनानी चाहिए, जो ज्यादातर लोगों को पता नहीं है। स्क्रिप्ट कौन लिखेगा, अभिनय कौन करेगा, फिनांसर कौन-कौन होगा, अभिनेता-अभिनेत्रियों को हाॅकी की प्राॅपर ट्रेनिंग कैसे और कब तक होगा और ना जाने क्या क्या ? इन सभी जरूरतों को पूरा करते-करते 13 जुलाई 2018 को फिल्म रिलीज हो गई है। आपके साथ देख रहा हूं, आप एंजाय कर रहे हो ना ?
एसजे: फिल्म का रेस्पांस कैसा मिल रहा है ?
संदीप सिंह: क्रिटिक्स का अच्छा रिव्यू मिला है और पूरे देश में अच्छा रेस्पांस मिल रहा है। लगता है हमने जो संदेश युवाओं तक पहुंचाने के लिए फिल्म को माध्यम बनाया था, वो सफल हो रहा है। आप सभी की शुभकामनाओं की जरूरत है।
एसजे: पहले फ्लिकर सिंह, अब सूरमा, आगे किस रोल में दिखेंगे संदीप सिंह ?
संदीप सिंह: द्रोणाचार्य बनूंगा जी, नए बच्चों को हाॅकी सिखाउंगा। अब तो जिंदगी का यही लक्ष्य रखा है कि जो कुछ सीखा है वो मैं अपने अगली पीढ़ी तक पहुंचाउं। 32-33 साल का हो चुका हूं, खिलाड़ी के तौर पर अब खुद में ज्यादा संभावनाएं नहीं देखता। एचआइएल का आयोजन हुआ तो एक-दो साल और खेल सकता हूं।
एसजे: आपने पैरालिसिस को और युवराज सिंह ने कैंसर को मात दी, ऐसी क्या खास बात है पंजाब की मिट्टी में ?
संदीप सिंह: देखो जी जरूरी है कि जब इस तरह की परिस्थितियां सामने आएं तों आपके अंदर से आवाज आनी चाहिए। अगर आप NEVER GIVE UP के साथ बिमारियों से लड़ते हो तो बीमारी का हारना तय है। युवराज पा जी ने यही किया और मैंने भी यही किया। और आपको एक बात बता दूं सिर्फ पंजाब की ही नहीं अपने देश की मिट्टी खास है।
एसजे: झारखंड के खूंटी में बोवलैंडर-संदीप सिंह सरीखे वल्र्ड क्लास ड्रैग फ्लिकर क्या ढुंढ रहे हैं ?
संदीप सिंह: आपको पता है सीनी (हाॅकी की प्रतिभाओं को ढुंढने के लिए टाटा का ट्रस्ट/एनजीओ) इस साल सिर्फ और सिर्फ खूंटी जिले में 7000 बालक-बालिका खिलाड़ियों तक पहुंच रही है। हम ग्रासरूट पर काम कर रहे हैं। इसका फल तुरंत नहीं मिलेगा, दो-चार साल गुजर जाने दीजिए। नोयट टाटा अकादमी से खिलाड़ियों की जो पौध निकलेगी उससे भारतीय हाॅकी की फसल लहलहा उठेगी।
एसजे: क्या झारखंड के खिलाड़ियों की कद-काठी ड्रैग फ्लिकर बनने लायक है ?
संदीप सिंह: देखो जी अगर हाॅकी को लेकर निगेटिव बातें करोगे तो हाथ जोड़ता हूं, माफ कर दो बात नहीं कर सकता। मैं हाॅकी में पाॅजीटिविटी की बात कर रहा हूं आप निगेटिव पर उतर आए। आपको किसने बता दिया कि झारखंड के खिलाड़ियों की कद-काठी छोटी है ? कभी आपने उनसे हाथ मिला कर देखा है ? ग्रीप ऐसी है कि दिन में भी तारे नजर आ सकते हैं ! विश्व में कई ड्रैग फ्लिकर ऐसे हैं जिनकी कद काफी छोटा रहा है लेकिन उन्होंने काफी नाम कमाया है। (संदीप ने जर्मनी के किसी 5 फुट 4 इंच के खिलाड़ी की चर्चा की थी, जिसका नाम येलो कार्ड मिलने के साथ ही फाॅर्मेट हो गयां)
एसजे: झारखंड में हाॅकी की क्या संभावनाएं दिखती हैं ?
संदीप सिंह: सच कहुं ? पंजाब और हरियाणा से ज्यादा संभावनाएं हैं झारखंड की हाॅकी में। पिछले 10 सालों में ठहराव सा आ गया था। कारण था ग्रासरूट पर प्रशिक्षण को लेकर कुछ भी नहीं हो रहा था। अब नोयट टाटा अकादमी आई है जो फीडर सेंटरों का संचालन कर रही है। सुना है कि सरकार ने भी हाॅकी को बढ़ावा देने के लिए खूंटी और सिमडेगा के सभी तहसिलों (ब्लाॅकों) में हाॅकी सेंटर खोला है। इसका असर दिखने लगा है। लड़के और लड़कियां दोनों ही अच्छा कर रहे हैं, आनेवाला दिन झारखंड का होनेवाला है क्योंकि ग्रासरूट पर बेहतर काम हो रहा है।
एसजे: युवा हाॅकी खिलाड़ियों के साथ मैच देखने का अनुभव कैसा रहा ?
संदीप सिंह: फिल्म ही हमने युवा खिलाड़ियों के लिए बनाई है। फिल्म शुक्रवार को रिलीज हुई है और मैं शनिवार को आपके शहर युवा खिलाड़ियों के साथ फिल्म देख रहा हूं। इस अनुभव को शब्दों में बयां करना थोड़ा कठिन है आनंद उठा रहा हूं।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत