Sports Jharkhand
भविष्य के पदक विजेताओं से मिल मंत्रमुग्ध हुए माननीय न्यायाधीशगण
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:43:05

sportsjharkhand.com टीम

रांची

आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट काॅमनवेल्थ खेलों में बरस रहे पदकों की चमक के बीच शनिवार की शाम जब झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण भविष्य के पदक विजेताओं से मिलने मेगा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स पहुंचे तो उनका ये विश्वास पक्का हो गया कि खेलों में भारत का भविष्य उज्ज्वल है। स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में झारखंड राज्य खेल प्रोमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) व राज्य सरकार के आवासीय व डे-बोर्डिंग सेंटर के युवा खिलाड़ियों से मिल सभी न्यायाधीशगण भी बच्चे बन गए और तीरंदाजी और बैडमिंटन में हाथ आजमाया। कुश्ती, ताइक्वांडो, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स में हाथ तो नही आजमाया लेकिन खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा। स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में मौजूद सुविधाओं से भी सभी न्यायाधीशगण काफी प्रभावित हुए और उन्होंने इसके उचित रख-रखाव के लिए जरूरी कदम उठाने का भी निर्देश भी दिया। खिलाड़ियों से विशेष तौर पर मिलने के लिए झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीएन पटेल, न्यायमूर्ति एस एन पाठक, न्यायमूर्ति एसएन पाठक,

न्यायमूर्ति आनंद सेन और न्यायमूूर्ति अनुभवा राय चौधरी पहुंची थीं। माननीय न्यायाधीशगण के अलावा खेल सचिव डाॅ मनीष रंजन, खेल निदेशक रणेन्द्र कुमार, जेएसएसपीएस के सचिव महापात्रा जी समेत सरकार-सीसीएल से जुड़े अधिकारी, जेएसएसपीएस व सरकार के प्रशिक्षण सेंटरों के कोच भी मौजूद रहे।  

खेल का छात्र बन जाना तकनीकी बारीकियों को

समय से पांच मिनट पहले पहुंचे न्यायाधीशगण सबसे पहले तीरंदाजी का अभ्यास देखने पहुंचे और प्रशिक्षक से तीरंदाजी व तीरंदाजी के उपकरणों के बारे में पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो व कुश्ती की बारीकियों के बारे में जाना। मुख्य स्टेडियम में एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और उनका प्रदर्शन देखा। अंत में सरकार के आवासीय बैडमिंटन सेंटर के खिलाड़ियों से मिले और खिलाड़ियों संग तस्वीरें भी खिंचाई।  

झलका मुख्य न्यायाधीश महोदय का टेबल टेनिस प्रेम

जेएसएसपीएस के हाॅस्टल में मौजूद सुविधाओं का जायजा लेने से पहले मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीएन पटेल ने कैडेट्स को संबोधित करने के दौरान जब पूछा कि आपलोगों में टेबल टेनिस कौन-कौन खेलता है तो सन्नाटे के बीच उन्हें बताया गया कि इसी सत्र से टेबल टेनिस समेत 10 अन्य खेलों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। इससे पहले इंडोर स्टेडियम पहुंचते ही मुख्य न्यायाधीश महोदय ने सभी को बताया कि वे एक बार पहले यहां टेबल टेनिस के कार्यक्रम में पहले आ चुके हैं।    

एक-एक पैसे का सदुपयोग हो : मुख्य  न्यायाधीश 

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीएन पटेल महोदय ने सरकार व सीसीएल के अधिकारियों को हिदायत दी कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण व अन्य सुविधाओं के नाम जनता की गाढ़ी कमाई के एक-एक पैसे सदुपयोग हो। किसी भी हालत में पैसों का दुरूपयोग नहीं होना चाहिए।          


यह अकादमी जल्द विश्विद्यालय में तब्दील हो और उस विश्विद्यालय से निकलने वाले खिलाड़ी, प्रशिक्षक व अन्य तकनीकी लोग झारखंड व देश का नाम रौशन करें, यही कामना है।

न्यायमूर्ति डीएन पटेल

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय