Sports Jharkhand
पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अजय सिंह हत्या के बाद फरार, घर से भारी मात्रा में हथियार बरामद
sportsjharkhand.com टीम रांची
10:30:51

sportsjharkhand.com टीम

बोकारो

बोकारो में बुधवार की देर रात आजसू नेता व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अजय कुमार सिंह ने आपसी विवाद के बाद अपने ही दो साथियों को गोली मार दी जिससे सुनील गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा साथी अप्पू सिंह उर्फ अमरेश कुमार सिंह को गंभीरावस्था में बोकारो जेनरल अस्पताल में इलाजरत है। हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नौ स्ट्रीट फोर की घटना के बाद से आजसू नेता अजय कुमार सिंह फरार हो गए है । घटना की सूचना पर सीसीआर डीएसपी रजतमणी बाखला, सिटी डीएसपी अजय कुमार, बालीडीह थानेदार, सेक्टर 12 थानेदार, सेक्टर फोर थानेदार, हरला थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। अजय सिंह की पत्नी तीरंदाज ऐजेंला सिंह को पुलिस ने हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। अजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न जगहो पर छापेमारी की जा रही है।

अजय के आवास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

घटना के बाद पुलिस ने अजय सिंह के आवास पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान अजय सिंह के घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए। एक कारबाईन, तीन पिस्टल और दर्ज़नों कारतूस बरामद किया गया है । सिटी डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना किस कारण हुई है यह विस्तृत जांच के बाद ही पता चल सकेगा।

सकते में है खेल परिवार

इस घटना के बाद झारखंड का खेल परिवार सकते में हैं। अजय सिंह को जानने वालों को सहसा विश्वास ही नही हो रहा कि अजय ने इतना जघन्य अपराध कैसे कर दिया। झारखंड बनने के बाद संभवतः खिलाड़ियों से जुड़ा ये अपनी तरह का पहला अपराधिक मामला है।