sportsjharkhand.com टीम रांची राष्ट्रीय खेल घोटाला
रांची
पूर्व खेल मंत्री व राष्ट्रीय खेल घोटाले के अप्राथमिकी अभियुक्त बंधु तिर्की और नामजद अभियुक्त आर के आनंद के खिलाफ अब निगरानी जल्द ही चार्जशीट दायर करेगी। अनुमति की तमाम तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए सरकार ने ACB को बंधु तिर्की व आरके आनंद के खिलाफ चार्जशीट दायर करने और अभियोजन चलाने को हरी झंडी दिखा दी है। चार्जशीट दायर करने अभियोजन चलाने की अनुमति संबंधी पत्र निगरानी को प्राप्त हो गया है। इस सरकारी प्रक्रिया के बाद अब पिछले 9 साल से एन्टी करप्शन ब्यूरो (ACB, पूर्व में निगरानी) में राष्ट्रीय खेल घोटाले की चल रही जांच अब पूर्णता की ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। पता हो कि फरवरी-मार्च में ही ACB ने बंधु तिर्की व आरके आनंद के खिलाफ चार्जशीट दायर करने और अभियोजन चलाने की अनुमति मांगी थी क्योंकि बंधु तिर्की राज्य सरकार में मंत्री थे जबकि आरके आनंद को राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष की हैसियत से राज्य के मंत्री का स्टेटस प्रदान किया गया था। पता हो कि इसी मामले में बंधु तिर्की की अग्रिम जमानत याचिका ACB और झारखंड उच्च न्यायालय ने खारिज़ कर दी है जबकि आर के आनंद के खिलाफ उच्च न्यायालय ने किसी भी तरह की पीड़क कार्रवाई करने पर 17 अक्टूबर तक रोक लगा रखी है।
पीसी मिश्रा, एस एम हाशमी व मधुकांत पाठक पर हो चुकी है चार्जशीट
राष्ट्रीय खेल घोटाले के तीन अन्य प्राथमिक अभियुक्त राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के तत्कालीन निदेशक पीसी मिश्रा, तत्कालीन आयोजन सचिव-1 एस एम हाशमी व तत्कालीन कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक पर पहले ही चार्जशीट दायर की जा चुकी है। प्राथमिकी अभियुक्त प्रकाश चंद्र मिश्र व सैयद मतलूब हाशमी के विरुद्ध चार्जशीट 9 जनवरी 2015 को तथा मधुकांत पाठक के विरुद्ध 14 अप्रैल 2018 को न्यायालय में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। इसके अलावा चार अन्य अप्राथमिकी अभियुक्तों टेंडर कमिटी के सदस्य सुविमाल मुखोपाध्याय, एच एल दास, प्रेम कुमार चौधरी व सुकदेव सुबोध गांधी के खिलाफ भी चार्जशीट दायर करने की तैयारी में ACB जुटा है।
पूरक चार्जशीट भी दायर कर सकती है ACB
ACB के सूत्रों की माने तो इस बात की प्रबल संभावना है कि एस एम हाशमी व मधुकांत पाठक के खिलाफ पूरक चार्जशीट भी दायर की जा सकती है। हाल ही में घपले-घोटाले से जुड़ी कई ऐसी जानकारियां सामने आई हैं जो चार्जशीट का हिस्सा नहीं है। इसलिए तथ्यों को फिर से खंगाला जा रहा है और केस की मजबूती के लिए जरूरत पड़ने पर पूरक चार्जशीट भी दायर की जा सकती है।
FIR दर्ज होने के बाद भी जारी रही प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता
स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम के पास मौजूद दस्तावेज बताते हैं कि घपले-घोटाले का मामला अक्टूबर 2010 में दर्ज होने के बाद भी दो नामजद अभियुक्तों एस एम हाशमी व मधुकांत पाठक ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाते हुए भुगतान से जुड़े कई मामलों में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की। जिससे सरकार/NGOC के खाते से लाखों-करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया। कुछ मामलों का जिक्र ACB ने अपनी चार्जशीट में किया है जबकि कुछ विषय पर ACB की चुप्पी खुद सवालों के घेरे में है।
क्या है राष्ट्रीय खेल घोटाला मामला ?
2007 के राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की जिम्मेवारी रांची को मिली थी। आठ-नौ बार तिथियों में बदलाव के बाद अंततः 12 से 26 फरवरी 2011 तक भव्य आयोजन हुआ। लेकिन 2008 से 2013-14 (आयोजन के बाद भी) तक विभिन्न टेंडरों में हेरा-फेरी, ज़रूरत से ज्यादा सामान की खरीद, एल 1 की बजाय दूसरों को ठेका देने, मनमर्जी नामांकन के आधार पर ठेका देने जैसी प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता के कारण राज्य सरकार को लगभग 28 करोड़ रुपये की क्षति (PAG की रिपोर्ट व अन्य रिपोर्टों के अनुसार) हुई थी। इसी-घपले घोटाले की जांच ACB पिछले 9 वर्षों से कर रही है।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत