Sports Jharkhand
ओवर एज के खेल में बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां शुभान अल्लाह !
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:54:40

sportsjharkhand.com टीम

रांची

अंडर 19 विश्वकप के हीरो रहे अनुकूल के उम्र के प्रतिकूल दस्तावेज सामने आने के बाद भी झारखंड में ओवरएज खिलाड़ियों की पौध एक के बाद एक सामने आ रही है। ताजा मामला राजधानी कि अंडर 19 क्रिकेट टीम के चयन से जुड़ा है। रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) द्वारा पिछले एक पखवाड़े से ज्यादा समय तक चले चयन शिविर व मैचों की औपचारिकता को पूर्ण करने के बाद शनिवार को 15 सदस्यीय रांची अंडर 19 टीम की घोषणा की गयी। लेकिन शनिवार को टीम की घोषणा व मंगलवार की दोपहर टीम की रवानगी के बीच खेला हो गया और चुपचाप तीन खिलाड़ियों सलाउद्दीन युसूफ, विजय यादव व नवनीत झा को ओवरएज बताकर टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और तीन नए खिलाड़ियों ऋषिकेश, अनवर व एक अन्य को टीम में जगह दे दी गयी। इस पूरे प्रकरण से यह साफ हो गया है कि ओवरएज खिलाड़ियों के अंडर एज प्रतियोगिता में खेलने-खेलाने से गंदी हुई गंगा उपर से नीचे हर जगह निर्बाध रूप से बह रही है। 

अभिभावकों के विरोध के कारण हुए बदलाव

sportsjharkhand.com को जानकारी मिली की टीम की घोषणा होने के बाद कई अभिभावकों द्वारा सलाउद्दीन के 2008 में अंडर 16 खेलने तथा विजय यादव व नवनीत झा के यूनिवर्सिटी खेलने व उम्र संबंधी दस्तावेज दिखाए जाने के बाद ये बदलाव किया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सचिव व चयनकर्ता किसी भी तरह के बदलाव के पक्ष में नहीं थे लेकिन अभिभावकों के भारी दवाब के बाद RDCA से जुड़े संजय सहाय के हस्तक्षेप से आखिरकार टीम में तीन बदलाव किए गए।

ओवरएज थे तो ट्राॅयल में क्यों बुलाया ?

यहां सवाल उठना लाजिमी है कि जब टीम से बाहर किए गए तीन खिलाड़ी ओवरएज थे तो उन्हें ट्राॅयल में बुलाया ही क्यों गया ? किसके बुलावे पर तीनों खिलाड़ी ट्राॅयल में पहुंचे थे ? चयनकर्ता आसिफ मुस्तफा, एमएम सिद्दीकी व गौरव सिंह पन्ना पिछले कई वर्षों से रांची टीम के गठन से जुड़े हैं। उनकी नजरें क्यों धोखा खा गयीं ? चयनकर्ताओं पर किसी का कोई दवाब तो नहीं था ? सवाल कई हैं जिनके जवाब मिलने चाहिए।sportsjharkhand.com को पूरा भरोसा है कि इस पूरे विषय पर आरडीसीए अपना पक्ष जरूर रखेगा। 

महाजनो येन गतः स पंथा 

संस्कृत के इन शब्दों का अर्थ है महाजन जिस रास्ते जाते हो वही सही रास्ता है। खिलाड़ियों की उम्र को लेकर जब भारतीय अंडर 19 टीम पर सवाल उठ रहे हों तो झारखंड की राजधानी इससे कैसे दूर रह सकती है। अपने इष्ट गुरु की राह पर चलते हुए राजधानी के क्रिकेट प्रशासकों ने भी वहीं किया जो उनके गुरू कर रहे हैं। ओवर एज को अंडर एज बता टीम में शामिल करना और फिर अपनी पीठ स्वयं थपथपाना। बड़ों की आदतों को आत्मसात करने की लोकप्रिय होती इसी कला को लेकर बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां शुभान अल्लाह जैसी कहावतों/लोकोक्तियों की रचना की गयी है ! 

टीम में पैरवीपुत्रों का कोटा तय !

टीम लिस्ट देखने से यह पता चलता है कि रांची क्रिकेट टीम में पैरवीपुत्रों का कोटा तय कर दिया गया है। अंडर 19 की जो टीम अभी बोकारो में मैच खेल रही है उसमें कम से कम पांच-सात खिलाड़ी पैरवी पर टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। टीम में दो खिलाड़ी RDCA सचिव मोहम्मद वसीम के (एक गेंदबाज व एक बल्लेबाज), एक खिलाड़ी चयनकर्ता गौरव सिंह पन्ना का (तेज गेंदबाज), एक खिलाड़ी पूर्व रणजी खिलाड़ी व क्लब संचालक सरफराज अहमद (बल्लेबाज), पूर्व तेज गेंदबाज सह पूर्व चयनकर्ता (तेज गेंदबाज) व एक खिलाड़ी पूर्व तेज गेंदबाज एमएम सिद्दीकी का (बांए हाथ का तेज गेंदबाज)। अगर किसी पैरविबाज का नाम छूट गया हो तो sportsjharkhand.com उस महान पैरविकार से हाथ जोड़कर माफी चाहता है।

आरसीए/मेकाॅन से ट्राॅयल मैच खेलो, टीम में शामिल हो

रांची टीम चयन के लिए आरडीसीए ने इस वर्ष से नई व्यवस्था शुरू की है। अगर आपको टीम में जगह पानी है तो RDCA में निबंधित सचिव मोहम्मद वसीम व मोहम्मद उज्जैर की टीम आरसीए व सुपर डिवीजन की चैंपियन टीम मेकाॅन से मैच खेलना ही होगा। पिछले वर्ष तक तीन टीमें बनाकर आपस में मैच कराए जाते थे लेकिन इस बार इस फाॅर्मेट को बदल दिया गया और अंडर 19 टीम चयन के लिए आरसीए व मेकाॅन के साथ मैच कराया गया और उसके बाद टीम की घोषणा कर दी गयी।  


नोट : इस खबर से जुड़ी कोई और सूचनाएं अगर आप sportsjharkhand.com से शेयर करना चाहते हैं तो काॅल/व्हाट्सएप करें 9470777777. पूरी गोपनीयता बरती जाएगी।