Sports Jharkhand
IOA में अध्यक्ष-महासचिव के बीच चल रहा शीतयुद्ध मेल वॉर तक पहुंचा, एक-दूसरे को आईना दिखाने में जुटे अध्यक्ष-महासचिव
sportsjharkhand.com टीम रांची
10:52:59



भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष नरेंद ध्रुव बात्रा और महासचिव राजीव मेहता के बीच पिछले एक साल से चला आ रहा शीतयुद्ध अब मेल वॉर में तब्दील हो गया है। नरेंद ध्रुव बात्रा ने राजीव मेहता  को मेल भेज कर कहा है कि आप उत्तराखंड के रहनेवाले हैं और कई व्यवसाय से जुड़े भी हैं इसलिए IOA को समय नहीं दे पा रहे। इसलिए आपकी जिम्मेवारियां कम की जा रही हैं, जिससे की आप अपने घर-परिवार-व्यवसाय को ज्यादा समय दे सकें। अपने अध्यक्ष के मेल का जवाब देते राजीव मेहता ने शब्दों के बाण चलाते हुए लिखा है कि मुझसे ज्यादा व्यवसाय व खेल की जिम्मेवारियां आपके पास हैं। आप FIH व हॉकी इंडिया में लगातार व्यस्त हैं, इसके अलावा आपकी व्यावसायिक प्राथमिकताएं भी हैं। मैं तो दिल्ली में रहकर IOA की आम सभा द्वारा दी गई समस्त जिम्मेदारियों को पिछले लगभग 6 वर्षों से सफलतापूर्वक निभा रहा हूँ।

IOA के उच्च पदस्थ पदाधिकारियों के अनुसार ये टकराव तो अवश्यम्भावी था, सिर्फ वक्त का इंतज़ार था। अध्यक्ष व महासचिव राज्य ओलंपिक संघों व राष्ट्रीय खेल संघों में अपने ग्रुप के लोगों को बैठाने के लिए तीन-पांच करने में जुटे हैं। अगले चुनाव को देखते हुए दोनों लामबंदी करने में जुटे हैं और यही तकरार का मुख्य कारण बना है।



IOA संविधान के अनुसार अध्यक्ष के पास महासचिव के अधिकारों की कटौती का अधिकार नहीं


IOA अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बात्रा ने अपने मेल में महासचिव के अधिकारों की कटौती की बात लिखी है। IOA के संविधान में अध्यक्ष को इसका अधिकार नहीं है। अगर टकराव की स्थिति आती है तो इतना बड़ा निर्णय AGM या SGM के दौरान ही लिया जा सकता है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष की हैसियत से नरेंद्र ध्रुव बात्रा ने राज्य हॉकी संघों को ऐसे ही हांका करते थे। शायद ये मेल उसी आदत के कारण प्रस्फुटित हुई हो। 




इन विषयों पर आमने-सामने हैं IOA के अध्यक्ष-महासचिव


पिछले दो वर्षों के दौरान कई विषयों पर IOA के अध्यक्ष व महासचिव आमने-सामने हैं, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण मुद्दे निम्नलिखित हैं


1. राष्ट्रीय ताईक्वांडो संघ विवाद के निपटारे में अपने लोगों को उपकृत करने को लेकर


2 IOA के संविधान के आर्टिकल 28.3 के तहत दिल्ली ओलंपिक संघ में कुश्ती के अंतरराष्ट्रीय कोच के ऊपर हुई कार्रवाई को लेकर


3. केरल ओलंपिक संघ के चुनाव को लेकर


4. जिम्नास्टिक, वॉलीबॉल व कराटे जैसे राष्ट्रीय खेल संघों में चल रहे विवाद के निपटारे को लेकर


5. IOA की बैठकों में लंपटों की मौजूदगी को लेकर




आमने-सामने


नरेंद्र ध्रुव बात्रा ने sportsjharkhand.com के सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।


मैंने तो नम्रतापूर्वक अध्यक्ष जी के सवालों का जवाब मात्र दिया है।

राजीव मेहता

महासचिव, IOA