Sports Jharkhand
रजत परी मधुमिता के लिए रांची से सिल्ली तक सड़कों पर उमड़ा खेल प्रेमियों का हुजूम
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:18:33

sportsjharkhand.com टीम

रांची


जकार्ता से रजत पदक जीतकर लौटी मधुमिता के लिए रांची के सड़कों पर खेल प्रेमियों का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ ऐसी हुई कि एयरपोर्ट से सुदेश महतो के आवास पहुंचने में लगभग दो घंटे लग गए। रांची से जब मधुमिता सिल्ली स्थित अकादमी के लिए निकली तो बरियातू, टाटीसिलवे, अनगड़ा, जोन्हा, सिल्ली बाज़ार हर जगह राष्ट्रीय ध्वज लिए युवा खेलप्रेमी देश और मधुमिता के पक्ष में उदघोष करते हुए नज़र आए। रांची की सड़कों पर खेल प्रेमियों का ये सैलाब पहली बार दिखा। इससे पहले भी रांची के खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों पर जमकर प्यार लुटाया है लेकिन शनिवार की बात ही अलग थी। ढोल-नगाड़ों-ताशों के धुन पर रांची एयरपोर्ट से निकली खेलप्रेमियों की टोली का उत्साह बारिश की बूंदों ने दोगुना कर दिया। 


खेल संघों की दूरी समझ से परे

सड़कों पर खेलप्रेमियों का हुजूम तो दिखा लेकिन ज्यादातर खेल संघों के झंडाबरदार मधुमिता के स्वागत समारोह में नहीं दिखे। ऐसा क्यों हुआ पता नहीं लेकिन जब कोई भी खिलाड़ी देश व राज्य का नाम बुलंद कर वापस लौटता है तो उसका स्वागत खुले दिल से करना चाहिए। आपसी झगड़े एक तरफ रखकर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हमें एक मंच पर आना ही होगा। इसी में खेल का भविष्य है।