sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
क्या खेल संघ से जुड़ा कोई क्लब राज्य व देश की सुरक्षा व आंतरिक व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है ? शायद आपका जवाब ना हो लेकिन झारखंड में ऐसा ही हो रहा है और उस क्लब का नाम है रांची राइफल क्लब ! sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि रांची और रांची से सटे आधे दर्जन नक्सल प्रभावित जिलों के लगभग एक दर्जन लोगों को फायर आर्म्स से जुड़े ट्रेनिंग सर्टिफिकेट नियमों से परे जाकर अवैध तरीके से रांची राइफल क्लब द्वारा दिए जा रहे हैं (देखें तस्वीर 1, दस्तावेज में हमने प्रशिणार्थी का नाम व पहचान छुपाने के लिए ब्लर कर दिया है )। रांची राइफल क्लब द्वारा प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज दिए जाने के एवज में एक मोटी रकम लिए जाने की सूचना भी sportsjharkhand.com को प्राप्त हुई है। रांची राइफल क्लब द्वारा जारी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न जिलों में सर्टिफिकेट पानेवाले लोगों के नाम पर फायर आर्म्स के लाइसेंस निर्गत कर दिए गए हैं और किए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि बगैर दस्तावेजों के पूर्ण क्रॉस वेरिफिकेशन के गुमला, सिमडेगा, लातेहार, रांची व लोहरदगा जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में आर्म्स लाइसेंस किन हाथों में जा रहे हैं ? झारखंड राइफल संघ ने रांची राइफल क्लब द्वारा गलत तरीके से अवैध ट्रेनिंग सर्टिफिकेट बांटे जाने का मामला रांची के उपायुक्त के संज्ञान में 23 अप्रैल 2018 को पत्र लिखकर लाया है और इस दिशा में जल्द से जल्द जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह भी किया है (देखें तस्वीर 2)।
निबंधन एयर राइफल का और प्रशिक्षण फायर आर्म्स का
झारखंड राइफल संघ ने उपायुक्त को लिखे पत्र में इस बात का भी जिक्र किया है कि रांची राइफल क्लब को मात्र एयर राइफल के प्रशिक्षण की अनुमति दी गई है लेकिन वो नियमों से परे जाकर फायर आर्म्स से जुड़े दस्तावेज जारी कर रहा है। इस निमित्त 27 अप्रैल 2018 को रांची राइफल क्लब को पत्र लिखकर झारखंड राइफल संघ ने कारण पृच्छा भी की और फायर आर्म्स के प्रशिक्षण से जुड़े समस्त दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय भी दिया। रांची राइफल क्लब की ओर से अभी तक इसका कोई जवाब नहीं दिया गया है।
जब फायरिंग रेंज व फायर आर्म्स नहीं तो कैसा प्रशिक्षण और कौन सा सर्टिफिकेट
आर्म्स एक्ट 2016 के प्रावधानों के तहत फायर आर्म्स के प्रशिक्षण के लिए किसी भी क्लब या संस्था के पास सुरक्षा मानकों पर खरे 50 मीटर का फायरिंग रेंज, क्लब या संस्था के नाम पर प्रशिक्षण के लिए जारी फायर आर्म्स और फायर आर्म्स को सुरक्षित रखने के लिए नियमसम्मत जगह होना अनिवार्य है। रांची राइफल क्लब के पास ना तो सुरक्षा मानकों पर खरा 50 मीटर का फायरिंग रेंज है ना ही क्लब के नाम पर निर्गत किया गया कोई फायर आर्म्स। जब क्लब के पास ना तो फायरिंग रेंज है और ना ही फायर आर्म्स तो वो 3 माह तक अपने प्रशिक्षणार्थियों को किस असलहे से प्रशिक्षण देता है और उसके लिए गोलियां और अन्य सामान कहां से आते हैं ? क्या किसी के निजी फायर आर्म्स से प्रशिक्षण का कार्य किया जा रहा है ?
आर्म्स एक्ट 2016 के तहत अनिवार्य है सर्टिफिकेट
दरअस 2016 में नए आर्म्स एक्ट के लागू होने के बाद देश भर में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए बनाए गए मान्यता प्राप्त राइफल क्लब व संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई। नए कानून के मुताबिक फायर आर्म्स लाइसेंस के लिए राइफल क्लब या संस्था द्वारा जारी तीन माह के प्रशिक्षण सर्टिफिकेट की अनिवार्यता कर दी गयी है। इसके बाद से ही कई क्लबों व संस्थाओं ने पैसों की बदौलत प्रशिक्षण सर्टिफिकेट जारी करने का गोरखधंधा शुरू कर दिया है।
राज्य व देश विरोधी ताकतों के पास पहुंच सकते हैं लाइसेंस
पैसों के लालच में क्लबों द्वारा जिस तरह से आर्म्स लाइसेंस के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण सर्टिफिकेट बांटे जा रहे हैं ऐसे में इस बार की संभावना बलवत होती है कि कहीं फायर आर्म्स का लाईसेंस राज्य व देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों व संगठनों के पास ना पहुंच जाएं। अगर ऐसा हुआ तो ये विध्वंसकारी हो सकता है।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत