Sports Jharkhand
CBI जांच के घेरे में आए राष्ट्रीय खेल संघ, CBI ने स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट का किया गठन 
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:04:34


 केंद सरकार ने खेल के नाम पर आर्थिक-प्रशासनिक-चारित्रिक-मनोवैज्ञानिक दोहन के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय खेल संघों में व्याप्त अनियमितताओं की जांच के लिए CBI में एक अलग स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट का गठन किया है। ये यूनिट अब खेल संघों से जुड़े विभिन्न तरह की अनियमितताओं की जांच करेगी। CBI स्पेशल क्राइम 2 दिल्ली के अंतर्गत गठित स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट व स्पेशल इन्वेस्टीगेशन यूनिट iv का कार्यक्षेत्र पूरा भारतवर्ष होगा और यह यूनिट स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट (SIU) के नाम से जानी जाएगी। स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट ने सभी राष्ट्रीय खेल संघों व केंद्र सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग से जुड़ी संस्थाओं को पत्र लिखकर 7 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी 17 जनवरी तक मांगी है। 


 



इन सात बिंदुओं पर मांगी जानकारी  


1. संघ का नाम 

2. निबंधन संख्या 

3. अंतरराष्ट्रीय खेल संगठन व भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता संबंधी दस्तावेज़ 

4. सभी पदाधिकारियों के संदर्भ में पूरी जानकारी 

5. संघ से जुड़े सदस्यों की पूरी जानकारी 

6. समस्त क्रियाकलापों की जानकारी 

7. संघ द्वारा आयोजित की गई प्रतियोगिताओं, उपलब्धियों व समस्याओं की जानकारी 




क्यों पड़ी ज़रूरत ? 


 पिछले कुछ वर्षों में खेल संघ स्वायत्तता के नाम पर खेल में आर्थिक भ्रष्टाचार, सौदेबाज़ी, परिणाम को प्रभावित करना, कमीशनखोरी व खिलाड़ियों के आर्थिक-शारिरिक दोहन की शिकायतें लगातार आ रही थीं। इसलिए केंद्र सरकार ने ये कदम उठाया है। 




क्या होगा फायदा ? 


अब कोई भी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी व खेल से जुड़े अन्य लोग सीधे CBI की स्पोर्ट्स इंटिग्रिटी यूनिट को शिकायत कर सकेंगे। पहले खेल संघों की शिकायत के लिए कोई प्लेटफॉर्म नहीं था। संस्थाएं जिस राज्य में निबंधित होती थी वहीं पर शिकायत करनी पड़ती थी। अब पूरे देश में एक ही एजेंसी के पास जांच होगी।