sportsjharkhand.com टीम रांची sportsjharkhand.com टीम
रांची
जिस टाइम मशीन की खोज में विश्व के वैज्ञानिक वर्षों से शोध कर रहे हैं, उन्हें झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से संपर्क करने की ज़रूरत है ! आप हैरान ना हों JSCA द्वारा संचालित क्रिकेट प्रतियोगिताओं में इस मशीन का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। रांची में खेली जा रही U-19 प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता के ग्रुप A के मैच के दौरान आप भी इस मशीन के हैरतअंगेज कारनामे देखकर दांतों तले अंगुलियां दबाने को मजबूर हो जाएंगे !
sportsjharkhand.com की टीम ने जब JSCA द्वारा प्रयोग में लाई जा रही इस टाइम मशीन की पड़ताल की तो पता चला कि अभी इसका प्रयोग चतरा के 21 वर्षीय अमित कुमार सिंह को 19 वर्षीय सोनू कुमार सिंह बनाने में सफलतापूर्वक किया जा रहा है। आपके अपने वेब साइट ने 21 मार्च को ही सोनू के ओवरएज होने संबंधी खबर प्रकाशित की थी, लेकिन चतरा ज़िला क्रिकेट संघ (CDCA)और JSCA के पदाधिकारियों ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था। लेकिन दो दिनों की मेहनत के बाद सच्चाई आपके सामने है।
2012 में 10वीं और 2014 में 12वीं पास किया अमित@सोनू ने
sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज़ बताते हैं कि अमित @ सोनू ने अमित कुमार सिंह के नाम से 2012 में आरएलएम विद्या मंदिर से 10वीं की परीक्षा 70.8 % अंक के साथ पास की। जबकि इंटर कॉमर्स की परीक्षा 2014 में 53 % अंक के साथ मर्ख़म कॉलेज ऑफ कॉमर्स हज़ारीबाग़ से पास की है। 2014-17 बैच में एकाउंट्स से ग्रेजुएशन कर रहा है। पार्ट वन की परीक्षा पास कर चुका है और पार्ट टू की परीक्षा देनी है।
जब दो दिन में हम सच्चाई पता कर सकते हैं तो JSCA क्यों नहीं !
सीमित संसाधनों की बदौलत जब sportsjharkhand.com की टीम दो दिनों में सच्चाई का पता लगा सकती है तो इसी काम के लिए बने JSCA को अब तक सच्चाई क्यों पता नहीं चली। क्या JSCA सच्चाई जानते हुए भी अनजान बने रहने का नाटक करता है ? वैसे JSCA एक सख्त संस्था है और सख्ती का अंदाज़ा आप इस बात से लगा सकते हैं कि AGM में माइक छिनने के आरोप में पूर्व रणजी खिलाड़ी को JSCA से बाहर कर दिया गया था। फिर भी ऐसे कुकृत्य करनेवाले लोगों पर कार्रवाई नहीं करना ये प्रमाणित करता है कि हो ना हो JSCA के उच्च पदस्थ (पूर्व और वर्तमान) पदाधिकारियों का वरदहस्त ऐसे कुकर्मियों को प्राप्त है।
JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में आँखों में धूल झोंक रहे तो ज़िलों कि स्थिति क्या होगी
जिस स्टेडियम में JSCA के पूर्व व वर्तमान अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी बैठते हों, वहां पर उम्र को लेकर इस तरह कुकर्म हो रहा हो तो संसाधनविहीन ज़िलों की स्थिती की भयावहता को महसूस किया जा सकता है। हमने JSCA के सचिव पिंटू दा से इस संदर्भ में बात करने की कोशिश की लेकिन उनका जवाब नहीं मिल पाया।
अमित कुमार सिंह उर्फ सोनू कुमार सिंह से सीधी बात
SJ (sportsjharkhand टीम) : सोनू तुम्हारा ऑफिसियल नाम और डेट ऑफ़ बर्थ क्या है ?
अमित उर्फ़ सोनू : आप कौन बोल रहे हैं (परिचय देने के बाद) नाम सोनू कुमार सिंह और डेट ऑफ़ बर्थ 26/09/1998 है सर
SJ : तुम सीनियर टीम में अमित कुमार सिंह के नाम से और जूनियर टीम में सोनू कुमार सिंह के नाम से खेलते हो ?
अमित उर्फ़ सोनू : नहीं सर, मेरा नाम सोनू है और मैं U-19 में चतरा की ओर से खेलता हूँ, अमित को नहीं जानता।
SJ : तुम्हारे पिता का नाम अशोक सिंह और माँ का नाम इंदु देवी है ना ?
अमित उर्फ़ सोनू : हाँ
SJ : तुमने 2012 में मैट्रिक और 2014 में 10+2 और अभी मार्ख़म कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन कर रहे हो ना ?
अमित उर्फ़ सोनू : हाँ
SJ : फिर नाम और डेट ऑफ़ बर्थ गलत क्यों बता रहे हो, सारे सर्टिफिकेट मेरे पास हैं, नाम और सही डेट ऑफ़ बर्थ बताओ ?
अमित उर्फ़ सोनू : जी मैं ही अमित कुमार सिंह और सोनू कुमार सिंह हूँ और मेरा सही डेट ऑफ़ बर्थ 31/09/1996.
SJ : फिर U-19 खेलने के लिए फर्ज़ी सर्टिफिकेट क्यों दिया ?
अमित उर्फ़ सोनू : गलती हो गया सर, आगे से नहीं होगा। माफ़ कर दीजिए सर।
उसका पढ़ाई का सर्टिफिकेट क्या है, हम नहीं जानते यहाँ जो सर्टिफिकेट लेकर आया है, वो ओरिजिनल है। इसी आधार पर खेल रहा है। JSCA पता करेगा सच्चाई क्या है।
गोपाल सहाय, सचिव, चतरा ज़िला क्रिकेट संघ
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत