Sports Jharkhand
रॉयल्टी/पेनल्टी लेकर डेट बढ़ाने का पुराना धंधेबाज रहा है IOA
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:29:19

sportsjharkhand.com टीम

रांची


गोवा सरकार ने खेल की आधारभूत संरचना तैयार नहीं होने का हवाला देकर इसी वर्ष नवंबर में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों को जनवरी 2020 के बाद कराने का प्रस्ताव भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को दिया है। इस प्रस्ताव से नाराज़ IOA ने गोवा पर तय समय पर राष्ट्रीय खेल आयोजन में हो रही देरी पर 6 करोड़ रुपये दंड/रॉयल्टी जमा कराने का फरमान सुना दिया है। इस फरमान के बाद हमने IOA के इस रॉयल्टी/दंड प्रावधान के नाम पर चल रहे आर्थिक दोहन के धंधे की जड़ खोजने की कोशिश की तो पता चला कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले झारखंड के 34वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में हो रही देरी पर IOA ने 1 करोड़ रुपये की रॉयल्टी/दंड लगाया था। झारखंड ने 50 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया था। मामला जब समाचार पत्रों की सुर्खियां बना तब दूसरी किश्त का भुगतान नहीं हो पाया। अब यही कहानी गोवा के साथ दोहराई जा रही है।


इसकी शुरुआत 23 अक्टूबर 2008 को IOA के तत्कालीन अध्यक्ष व राष्ट्रीय खेल घोटाले की जद में आए सुरेश कलमाडी के पत्र से हुई। एस एम हाशमी को संबोधित पत्र में कलमाडी ने लिखा कि 

\"34वें राष्ट्रीय खेल 30 नवंबर से 13 दिसंबर 2008 तक निर्धारित थे परंतु आधारभूत संरचना तैयार न होने के कारण अब इसे 10 जनवरी से 23 जनवरी तक कराए जाने की स्वीकृति दी जाती है। खेल आयोजन में हो रही देरी के लिए 1 करोड़ रुपये की रॉयल्टी/दंड जमा कराया जाए\"



रॉयल्टी जमा कराने के बाद तीन साल में मिलीं आधा दर्जन से ज्यादा तारीखें 


झारखंड ने रॉयल्टी की आधा रकम नोटिस मिलने के 20 दिन बाद 12 नवंबर को ही जमा करा दी थीं। इसके बाद झारखंड में होनेवाले राष्ट्रीय खेलों को आधा दर्जन से ज्यादा बार नई तारीखें मिली। 50 लाख की रॉयल्टी की ग्रीस पर फिसलते हुए IOA ने ये डेट 34वें राष्ट्रीय खेलों के लिए दीं थी


10 जनवरी से 23 जनवरी 2009

15 फरवरी से 28 फरवरी 2009

1 जून से 14 जून 2009

21 नवंबर से 5 दिसंबर 2009

9 दिसंबर से 22 दिसंबर 2010 और

12 फरवरी से 26 फरवरी 2011


उपरोक्त तथ्यों से ये साफ है कि ससमय खेल हों ये कभी भी IOA की प्राथमिकता नहीं रही। रॉयल्टी लो और डेट पर डेट देते रहो। झारखंड में रॉयल्टी 2008 में ली और खेल 2011 में हुए। गोवा में ऐसा ना हो यही आशा हैं।



शूटिंग पर हायतौबा मचानेवाला IOA बताए गोवा राष्ट्रीय खेलों के शूटिंग इवेंट कहाँ होंगे ?


राष्ट्रमंडल खेलों से शूटिंग को हटाए जाने के बाद IOA ने बर्मिंघम में 2020 में होनेवाले खेलों के बहिष्कार का ऐलान कर हायतौबा मचा रखा है। लेकिन गोवा राष्ट्रीय खेलों के दौरान शूटिंग के इवेंट कहाँ होंगे ? ये अभी तक तय नहीं हैं। गोवा ने शूटिंग के लिए कोई आधारभूत संरचना का निर्माण नहीं किया है और इस बात की पूरी संभावना है कि ये इवेंट दिल्ली में ही हों। दो-तीन और खेलों के साथ भी यही स्थिति है। ये तय है कि कुछ खेल के सर्टिफिकेट पर लिखा होगा गोवा राष्ट्रीय खेल, xyz स्टेडियम मुम्बई/पुणे/दिल्ली !