Sports Jharkhand
संतोष ट्रॉफी के लिए चहेतों को टीम में जगह दिलाने की जुगत !
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:48:34

sportsjharkhand.com टीम

रांची

संतोष ट्रॉफी के लिए झारखण्ड की  फुटबॉल टीम की घोषणा के लिए 16 दिसम्बर को गुप्त चयन ट्रायल आयोजन की तैयारी पूरी की जा चुकी है। संघ में कार्यरत खासमखाश पदाधिकारियों को निर्देश दिया जा चुका है कि अपने चहेते खिलाड़ियों को ट्रायल की खानापूर्ति के लिए भेजना सुनिश्चित कर लें। पदाधिकारियों ने भी अपने चहेते खिलाड़ियों को आलाकमान के फैसले से अवगत करा दिया है। दूसरी ओर ट्रायल के आयोजन की जानकारी ज़िला खेल संघों के माध्यम से अब तक फुटबॉलरों को नहीं दी गयी है। कुछ खास खिलाड़ियों को ही ट्रायल के लिए गुपचुप बुलावा भेजा गया है। 27 दिसम्बर से देश की प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता संतोष ट्रॉफी की शुरुआत हो रही है और इसमें भाग लेने के लिए अब तक झारखण्ड टीम की घोषणा भी नहीं हो पाई है ऐसे में प्रदर्शन की बात बेमानी है। 

आम तौर पर किसी बड़ी प्रतियोगिता से पहले कम से कम 10-15 दिन का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाना चाहिए जिससे कि खिलाडियों के बीच तारतम्यता बन सके। लेकिन जहाँ टीम का चयन ही 10 दिन पहले छुपते-छुपाते हो रहा हो वहां प्रशिक्षण शिविर की बात करना बेकार है।


तीन साल से नहीं हुई अंतर ज़िला प्रतियोगिता

झारखण्ड में फुटबॉल किस स्थिति में है, ये आप सिर्फ इस बात से समझ लीजिए कि पिछले तीन साल से जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हुआ। आधे से अधिक जिलों में क्लब स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी नहीं हो पा रहा। ऐसे में स्तरीय खिलाड़ियों का राष्ट्रीय पटल पर सामने आना किसी चमत्कार से कम नहीं।


पदाधिकारी मदमस्त, खिलाड़ी पस्त

राज्य फुटबॉल संघ के पदाधिकारी फीफा अध्यक्ष के चुनाव में वोटर की हैसियत रखते हैं लेकिन यहाँ के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर कैसे पहुंचे, इसकी चिंता किसी को नहीं। राज्य में फुटबॉल को नए मुकाम पर ले जाने का कोई ब्लू प्रिंट तैयार नहीं है लेकिन फुटबॉल के नाम पर देश-विदेश के भ्रमण का सिलसिला जारी है।


थोड़ा दूर हूँ इन दिनों, रब्बानी जी से बात कीजिये

sportsjharkhand.com ने जब इस संदर्भ में झारखण्ड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष नज़्म अंसारी से बात कि तो उन्होंने निजी कारणों से फुटबॉल से दूरी बनाए जाने का कारण बताते हुए महासचिव गुलाम रब्बानी से बात करने को कहा। कई बार फोन लगाने के वावजूद रब्बानी जी ने फोन नहीं उठाया।