Sports Jharkhand
JSCA में ओवर एज से अंडर होने की अमर (कथा) चौधरी
sportsjharkhand.com टीम रांची
16:54:36

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) में ओवर एज से अंडर एज होने की विरासत को आगे बढ़ाते हुए इलाहाबाद के रहनेवाले अंडर-19 क्रिकेटर अमर चौधरी ने नया इतिहास रच दिया है। धनबाद में 2017-18 सत्र की शुरूआत में विनू मांकड़ ट्राॅफी (अंडर-19) के दौरान कथित BCCI की रिपोर्ट के आधार पर ओवरएज पाए जाने के बाद झारखंड टीम से बाहर किए गए अमर चैधरी दो मैच बाद ही अंडरएज होकर टीम में वापस लौट आए। उसके बाद से अमर चौधरी लगातार टीम में बने हुए हैं और अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं। JSCA के दस्तावेजों में अमर चौधरी गुमला के रहनेवाले हैं और वहीं से जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे हैं। लेकिन sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज बताते हैं कि अमर चौधरी इलाहाबाद के छोटा बघाड़ा इलाके के रहनेवाले हैं और इलाहाबाद के ही केपी काॅलेज मैदान में मोहम्मद कैफ/मोहम्मद सैफ की अकादमी में अभ्यास भी करते हैं। अमर की पढ़ाई-लिखाई भी इलाहाबाद में ही चल रही है। अमर ने क्रिकेट का प्रारंभिक प्रशिक्षण इलाहाबाद के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में NIS कोच परवेज आलम से ली है।   

गुलाबी गांधी जी ने अमर को टीम में दिलाई जगह !

ओवरएज बताकर जब अमर चौधरी को झारखंड टीम से बाहर किया गया तो वे JSCA के दो उच्च पदस्थ पदाधिकारियों के पास गुहार लगाने गए। निराशा हाथ लगने के बाद बाद वे नए मुख्य कर्ता-धर्ता  के पास पहुंचे और सूत्रों की मानें तो एक गड्डी गुलाबी गांधी जी ने उनकी राह आसान कर दी और अमर टीम में अंडरएज होकर वापस लौट गए। डिमोनेटाइजेशन के बाद गुलाबी गांधी जी के मुरीदों की कमी नहीं है और JSCA इससे अछूता नहीं। 

युवराज ने ओवरएज से अंडरएज होने में अमर का दिया साथ

रिमोट कंट्रोल से चल रहे JSCA में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। चयन के मामले में रिमोट कंट्रोल की बैट्री डिस्चार्ज होती हुई नजर आ रही है। अंडर 19 टीम में अमर चौधरी के अलावा युवराज ऐसे दूसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओवर एज होने के बाद अंडर एज होकर टीम में जगह बनायी है। युवराज रांची के रहनेवाले हैं और रातू रोड इलाके में रहते हैं। 

इलाहाबाद के समाचार पत्रों में छप रहे अमर चैधरी, गुमला में सन्नाटा

अमर चौधरी JSCA के दस्तावेजों में गुमला के रहनेवाले हैं लेकिन कूच बिहार ट्राॅफी में अच्छे प्रदर्शन की खबरें गुमला के अखबारों की बजाए इलाहाबाद के अखबारों में छप रही हैं वो भी JSCA सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा के हवाले से (देखें तस्वीर)। पहुंच हो तो खबर कहीं भी छप जाती है। भले ही झारखंड की टीम लगातार कूच बिहार ट्राॅफी में हार रही हो लेकिन अमर के अच्छे प्रदर्शन पर केपी काॅलेज मैदान पर मिठाईयां जरूर बंटती हैं।  

sportsjharkhand.com ने पिछले साल भी उठाया था ओवरएज का मुद्दा

पिछले साल भी sportsjharkhand.com ने चतरा के एक खिलाड़ी के ओवरएज से अंडरएज होने का मामला उठाया था। इसके बाद JSCA निंद्रा से जागने का ढ़ोंग करते हुए गुमला में आयोजित AGM में बाहरी खिलाड़ियों को झारखंड से नहीं खिलाने के संबंध में कठोर कदम उठाने की बात की थी। लेकिन गांधी बाबा की गुलाबी महिमा के समक्ष ऐसे फैसले हिट विकेट होते हुए नजर आ रहे हैं।


क्या कहते हैं जेएससीए के पदाधिकारी


कुलदीप सिंह, अध्यक्ष : बिजी हूं बाद में बात करता हूं।

देवाशीष चक्रवर्ती, सचिव : फोन नहीं उठाया।