वेदांता ईएसएल तीरंदाजी अकादमी ने युवा तीरंदाजों और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित

वेदांता ईएसएल तीरंदाजी अकादमी ने युवा तीरंदाजों और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित
रांची/बोकारो

टीम sportsjharkhand.com 

वेदांता ईएसएल की ओर से चलाई जा रही ईएसएल तीरंदाजी अकादमी सियालजोरी में शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में पिछले सत्र के दौरान राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान पानेवाले तीरंदाजों में चितरंजन टुडू, बानी कुमारी, तन्नू कुमारी, सत्यमी कुमारी और सुहाना परवीन जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल रहे। कृतिका कुमारी को लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए रिकर्व धनुष देकर सम्मानित किया गया। अकादमी के कोच बुद्धेश्वर मुर्मू, संजू कुमारी और एसपी घोष को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाले सभी 50 बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते और तीरंदाजी किट दिया गया। इस अवसर पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के उप निदेशक (केंद्रीय इंजीनियरिंग) दुर्गा प्रसन्ना पांडा, सीएसआर प्रमुख कुणाल दरिपा समेत जिला तीरंदाजी संघ के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पता हो कि CSR पहल के तहत इस अकादमी की शुरुआत 2020 में शुरू की गई थी, जिसमें 9 वर्ष, 14 वर्ष, 17 वर्ष और 21 वर्ष समूह के 50 बच्चों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण दिया जाता है।