कैटरिंग सर्विस में ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) बना “चिंदी चोर”, जिला खेल पदाधिकारियों की रिपोर्ट से परे जाकर कर दी ओवर बिलिंग, लिया भुगतान

जिस झारखंड में प्रत्येक तीसरा नागरिक मात्र 30 रुपए प्रतिदिन में गुजर बसर करने को विवश हो, वहां 550 VVIP/VIP और उनके सेवकों के "बड़ा भोज" पर खेल निदेशालय ने खर्च कर डाले 1.04 करोड़ रुपए
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 के आयोजन के दौरान प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 6

 

झारखंड एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के दौरान VVIP एरिया में कैटरिंग की सेवा देनेवाली ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) ने भी ओवर बिलिंग की “चिंदी चोरी” की और भुगतान लिया। भुगतान लेने के लिए ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) ने चार- चार जिला खेल पदाधिकारियों की रिपोर्ट को भी दरकिनार कर दिया। दरअसल 27, 28, 30 व 31 अक्टूबर तथा 2,4 और 5 नवंबर को मैच के दौरान ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) ने VVIP लाउंज में स्नैक्स और डिनर की सेवा उपलब्ध कराई थी। 6 नवंबर को सिमडेगा, रामगढ़, गुमला और देवघर के DSO ने स्नैक्स और डिनर के प्लेट्स की संख्या को सत्यापित किया। सत्यापन के दौरान 5 नवंबर को स्नैक्स की संख्या को 626 से घटाकर 600, 2 नवंबर को डिनर की संख्या को 656 से घटाकर 600, 4 नवंबर को 788 से घटाकर 660 और 5 नवंबर को 855 से घटाकर 660 कर दिया।

6 नवंबर को DSO द्वारा सत्यापित रिपोर्ट

इसके बाद 9 नवंबर को ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) ने जो बिल खेल निदेशालय को सौंपा उसमें डिनर की संख्या तो DSO के रिपोर्ट के आधार पर घटाते हुए सुधार ली गई लेकिन स्नैक्स की संख्या में कोई सुधार नहीं हुआ।

25 नवंबर को DSO द्वारा सत्यापित और 12 फरवरी को निदेशक द्वारा किए गए भुगतान का दस्तावेज

 

बिल को 25 नवंबर को DSO गुमला व DSO रांची से कराया गया सत्यापित

ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) के बिल को 25 नवंबर को DSO गुमला और DSO रांची द्वारा सत्यापित कराया गया। ध्यान देनेवाली बात ये है कि DSO रांची 6 नवंबर को सत्यापित करनेवाले चार DSO में शामिल भी नहीं थे, फिर भी उनसे बिल का सत्यापन कराया गया। जानकारी मिली है कि खेल निदेशक के निर्देश पर निदेशक के खासमखास ASO विकास पाठक ने ज्यादातर DSO को अपने चैंबर में बैठाकर दस्तावेजों को सत्यापित कराया है।

 

ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) को “चिंदी चोरी” से मिले मात्र 8190 रुपए

स्नैक्स की 26 प्लेट की “चिंदी चोरी” से ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) को मात्र 8190 रुपए (300 रुपए प्रति प्लेट + 5 प्रतिशत GST) का फायदा हुआ और जाहिर है राज्य सरकार के कोष को भी इतनी ही राशि का नुकसान। इस विषय पर जब ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) से बात की गई तो उन्होंने पुराना मामला बताते हुए कहा कि सभी दस्तावेज देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

 

खेल निदेशक सुशांत गौरव ने बगैर क्रॉस चेक किए किया भुगतान, निदेशालय ऊषा इंटरप्राइजेज को और काम देने में जुटा

पूरे प्रकरण की सबसे हास्यास्पद बात ये है कि निकासी सह व्ययन अधिकारी सुशांत गौरव ने भी भुगतान से पहले दस्तावेजों को क्रॉस वेरिफाई नहीं किया और भुगतान कर दिया। यही नहीं ऊषा इंटरप्राइजेज (मिर्च मसाला) को निदेशालय के अंतर्गत और काम दिलाने के लिए अफसरों ने टेंडर की शर्तों में मनोकुल बदलाव भी कर दिया। अंतिम निर्णय जल्द ही अपेक्षित है।

 


बुधवार को पढ़िए

भाड़े के वाहनों का “लॉगबुक कांड”

सिर्फ और सिर्फ
sportsjharkhand.com पर