sportsjharkhand.com टीम
रांची
रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में पहली बार 16 से 20 मार्च तक भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच का आयोजन एक बड़ी उपलब्धि है। इस तरह के आयोजनों से रांची और राज्यभर के युवा क्रिकेटरों में ऊर्जा का संचार भी होता है, लेकिन रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) के पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली इन धनात्मक ऊर्जाओं को ऋणात्मक ऊर्जाओं में परिवर्तित करने पर तुली हुयी है। मामला U-19 अंतर ज़िला एलिट ग्रुप के मैचों से जुड़ा हुआ है। रांची ग्रुप A में जमशेदपुर, धनबाद, हज़ारीबाग़ और लोहरदगा के साथ है और उसका पहला मुकाबला 16 मार्च को धनबाद से धनबाद में होना है। लेकिन 14 मार्च की दोपहर तक टीम की घोषणा तक नहीं की जा सकी है। जबकि चयनकर्ताओं ने 12 मार्च को ही अंतिम रूप से चयनित टीम की लिस्ट सचिव को सौंप दी है। 15 सदस्यीय टीम के अलावा 6-7 खिलाड़ियों को स्टैंड बाई में भी जगह दी गयी है। एलिट ग्रुप A के मुकाबले धनबाद में जबकि ग्रुप B के मुकाबले बोकारो में खेले जाएंगे जबकि नॉक आउट मुकाबले धनबाद में होंगे।
अनाधिकारिक तौर पर हो चुकी है टीम की घोषणा
रांची टीम की घोषणा आधिकारिक तौर पर तो भले ही नहीं की गयी हो, लेकिन अनाधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी गयी है। टीम में चुन लिए गए खिलाड़ियों को बता दिया गया है कि आप धनबाद जाने के लिए तैयार रहें। संभवतः रांची की टीम 15 मार्च को धनबाद के लिए रवाना होगी। sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि इस बार 15 की बजाय 16 सदस्यीय ज़िला टीम की घोषणा की जायेगी।
कई पैरवीपुत्रों को मिली जगह, कई वंचित
एक माह से ज्यादा चली चयन प्रक्रिया के बाद चयनकर्ताओं ने टीम की जो लिस्ट सौंपी है, उसमे कई के चयन का आधार मात्र पैरवी है। जबकि कई पैरवीपुत्रों को टीम में जगह नहीं मिली। जिन्हें जगह नहीं मिली वो भी आखिरी प्रयास करने में जुटे हैं। मैच शुरू होने से एक दिन पहले तक टीम की घोषणा नहीं होना, टीम चयन में हो रही पैरवी की संभावनाओं को बल प्रदान कर रहा है।
दो माह देर से शुरू हो रही U-19 प्रतियोगिता
खुद के अधिकारों का हनन हो तो अदालत का रुख करनेवाले क्रिकेट प्रशासक राज्य में क्रिकेट को लेकर कितने संजीदा हैं, इसका उदाहरण है U-19 एलिट और प्लेट ग्रुप की प्रतियोगिता। आम तौर पर जनवरी के आखिरी सप्ताह में संपन्न हो जानेवाली प्रतियोगिता इस बार मार्च के उत्तरार्द्ध में शुरू हो रही है। ठीक उसी वक़्त जब 10वीं और 12वीं की परीक्षा हो रही है। अधिकार के लिए हायतौबा मचानेवाले प्रशासकों को कर्त्तव्य निर्वहन की भी पूर्णतः नहीं तो आंशिक जवाबदेही भी लेनी चाहिए !
हमलोगों ने होली से पहले ही U-19 टीम का चयन कर फाइनल लिस्ट RDCA सचिव को सौंप दी है।
अनवर मुस्तफ़ा, संयोजक, U-19 चयन समिति