झारखंड के खेल प्रशिक्षकों के कौशल विकास का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू, पहले दिन हॉकी व फुटबॉल के प्रशिक्षक हुए शामिल

| रांची |
खेल निदेशालय और SAJHA में कार्यरत प्रशिक्षकों के लिए दो दिवसीय “प्रशिक्षकों का कौशल विकास कार्यक्रम” की शुरुआत मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम के सभागार में शुरू हुई। कार्यक्रम का आधिकारिक आगाज विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। पहले दिन हॉकी और फुटबॉल के प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान समय का निर्धारण, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियां, फिटनेस, इंजुरी प्रोटोकॉल, इंजुरी से रिकवरी प्रोसेस, खेल मनोविज्ञान, खेल विज्ञान और डोपिंग से जुड़ी की मूलभूत जानकारियां और अनुभव साझा किए गए। प्रशिक्षण को लेकर प्रशिक्षकों के बीच उत्साह देखा गया। गुरुवार को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कुश्ती, वॉलीबॉल समेत अन्य खेलों के प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विशेषज्ञ के तौर पर डॉ. इंद्र प्रकाश नागी (पूर्व निदेशक NSNIS, SAI) हैं जबकि विशेषज्ञ के तौर पर वॉलीबॉल के सेवानिवृत्त मुख्य कोच गुरमेश सिंह, उच्च प्रदर्शन विश्लेषक डॉ० रमेश चंद्र त्रिवेदी, DCO NADA मनीष कुमार तिवारी और खेल वैज्ञानिक हिमांशु अधिकारी शामिल हैं। कार्यक्रम में खेल निदेशक शेखर जमुआर, उप निदेशक राजेश कुमार समेत निदेशालय और SAJHA के अधिकारियों के अलावा हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाम रब्बानी और JOA महासचिव मधुकांत पाठक मौजूद रहे।
“किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे प्रशिक्षक और उसकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए इस तरह के कार्यक्रमों का महत्व बढ़ जाता है। संरचनात्मक, प्रशासनिक और वित्तीय रूप से सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए संकल्पित है”
सुदिव्य कुमार सोनू, खेल मंत्री