9 अक्टूबर को होनेवाले वनडे इंटरनेशनल के लिए 7 को रांची पहुंचेगी भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम, 8 व 9 को अभ्यास

| रांची टीम sportsjharkhand.com |

9 अक्टूबर को रांची के JSCA स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जानेवाले दूसरे एकदिवसीय मुकाबले के लिए दोनों टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंच जाएंगी। दोनों ही टीमें लखनऊ से चार्टेड प्लेन द्वारा दोपहर 1 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से दोनों ही टीमें सीधे होटल रेडडिशन ब्लू जाएंगी और विश्राम करेंगी। पता हो कि दोनों ही टीमों के बीच 9 अक्टूबर की दोपहर 1.30 बजे से JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम डे-नाइट मुकाबला खेला जाना है।
8 अक्टूबर की दोपहर 12 से रात 8 बजे तक अभ्यास करेंगी टीमें
अभी तक के तय कार्यक्रम के अनुसार 8 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे से लेकर रात 8 तक दोनों ही टीमें अभ्यास करेंगी। दिन की रौशनी और रात को फ्लड लाइट की रौशनी में भी दोनों टीमों के अभ्यास का कार्यक्रम है। टीम के अभ्यास के लिए मुख्य स्टेडियम, ओवल और नेट प्रैक्टिस के साथ ही इंडोर फैसिलिटी को भी तैयार किया जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम 9 अक्टूबर को सुबह के सत्र में भी करेगी अभ्यास
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने मैच के दिन सुबह के सत्र में भी अभ्यास करेगी। आम तौर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम मैच के दिन मॉर्निंग सेशन में लाइट वार्मअप करना पसंद करती है। संभवतः यही कारण है कि डे-नाइट मुकाबले के दिन सुबह के सत्र में भी अफ्रीकी टीम ने नेट प्रैक्टिस का सेशन रखा है।
अभ्यास के दौरान 5-5 नेट बॉलर उपलब्ध कराएगा JSCA
अभ्यास के दौरान दोनों टीमों के लिए JSCA 5-5 नेट बॉलर उपलब्ध कराएगा। टीमें अपनी जरूरत के हिसाब से अभ्यास के दौरान नेट बॉलर का उपयोग कर सकती हैं। प्रत्येक टीम के लिए 5 नेट बॉलर में दो तेज गेंदबाज, एक ऑफ स्पिनर, एक लेफ्ट आर्म स्पिनर और एक रिस्ट स्पिनर शामिल होते हैं। 9 अक्टूबर के आसपास मुस्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की सीनियर टीम व्यस्त रहेगी इसलिए संभावना है कि U 25 टीम के गेंदबाजों को ही नेट बॉलर बनने का अवसर मिले।
अभ्यास सत्र की जिम्मेवारी संभालेंगे पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह
JSCA में आयोजित होनेवाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पिछले 5-6 वर्षों से कुलदीप सिंह ही टीमों के अभ्यास सत्र के इंचार्ज रहे हैं और पूरी संभावना है कि इस बार भी ये जिम्मेवारी वही निभायेंगे। JSCA के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह को रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेंद्र सिन्हा, पूर्व रणजी प्लेयर शशिभूषण चौबे और कुलदीप शर्मा का भी सहयोग मिलेगा। यही टीम पिछले 5-6 वर्षों से ये जिम्मेवारी सफलतापूर्वक निभा रही है।
बॉल ब्वॉय पर BCCI के निर्देश का इंतजार
कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए BCCI ने सीमा रेखा के बाहर रहनेवाले बॉल ब्वॉय पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसलिए JSCA में होनेवाले वनडे मुकाबले के दौरान बॉल ब्वॉय रखा जाए या नहीं इसके लिए BCCI के निर्देश का इंतजार हो रहा है। हाल के दिनों में कोविड के मामले लगातार घट रहे हैं इसलिए संभावना है कि बॉल ब्वॉय को रखने की अनुमति मिल जाए।