उलगुलान की धरती खूंटी में खेल से खिलवाड़ : ITDA योजना से 400 मीटर की जगह 421 मीटर का बनाया गया सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक छह माह में ही बर्बादी के कगार पर, sportsjharkhand के सवालों पर DC ने थामी चुप्पी

| खूंटी/रांची |
अधिकारियों और दलालों के नापाक गंठजोड़ की बदौलत खेल के नाम पर झारखंड में खिलवाड़ जारी है। उलगुलान की धरती खूंटी में खिलाड़ियों के कल्याण के नाम पर करोड़ों रुपए की लागत से अधिकारियों और दलालों ने 400 मीटर की जगह 421 मीटर की सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाकर इस खेल का प्रशासन देख रही संस्थाओं के समझ नई चुनौतियां पेश कर दी हैं। एथलेटिक्स खेल से जुड़े प्रशासक सकते में हैं। चार पांच माह पहले खूंटी के इस 6 लेन के ट्रैक को मान्यता दिलाने के लिए एक बैठक रांची में हुई थी। तक पेट्रोल कार में डीजल भरवाने वाले कबिलांठ IAS अधिकारी ने तर्क दिया था कि 421 मीटर का बन गया है तो क्या हुआ आप यहां सिर्फ 100 मीटर का इवेंट कराइए। एथलेटिक्स के प्रशासक और खिलाड़ी इस सदमे से अभी उबरे भी नहीं थे कि सिंथेटिक ट्रैक छह माह में ही दम तोड़ते हुए उखड़ने लगा। कम से कम दो दर्जन से ज्यादा जगहों पर ट्रैक कंक्रीट को छोड़कर बाहर आ चुकी है। (देखें तस्वीर) पता हो कि इसी वर्ष फरवरी मार्च माह में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (ITDA) के फंड से करोड़ों रुपए खर्च कर एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कराया गया है। इसे बनाने में किसी भी तरह की तकनीकी मापदंडों का ख्याल नहीं रखा गया फलस्वरूप ट्रैक उखड़ने लगा है। जगह जगह ट्रैक उखड़ने से अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
मामला सामने आने के बाद जहां एक ओर खूंटी उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने चुप्पी थाम ली है वहीं खूंटी जिला परिषद के मसीह मुंडा ने मोर्चा खोल दिया है। मसीह मुंडा ने कहा कि खूंटी के खिलाड़ियों के साथ ये क्रूर मजाक बर्दास्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार करनेवालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सिंथेटिक ट्रैक में दर्जनों खामियां
कंक्रीट के बाद अलकतरा की लेयर नहीं चढ़ाई गई। सिंथेटिक ट्रैक बिछाने में प्रॉपर लेयरिंग नहीं की गई ना ही अच्छी क्वालिटी की एडहेसिव (चिपकाने वाला पदार्थ) उपयोग में लाई गई। मोड़ पर ट्रैक का कर्व इतना ज्यादा है कि खिलाड़ी स्पीड में दौड़ ही नहीं सकते। ट्रैक की प्रॉपर मार्किंग (100 मीटर, हर्डल, 800 मीटर आदि) ही नहीं की गई है। कई जगहों पर लेन की मार्किंग पूरी तरह से गायब हो चुकी है। ट्रैक से ऊंचा फुटबॉल का मैदान हो गया है, जिससे कई जगहों पर मिट्टी ट्रैक पर आ जा रही है और ट्रैक खराब हो रहा है।
कोढ़ में खुजली ! अब लाखों की लागत से बिछाया जा रहा मोथा घास
सिंथेटिक ट्रैक के दम तोड़ने के बाद पिछले एक माह से एथलेटिक्स ट्रैक से जुड़े फुटबॉल ग्राउंड में बरमूडा घास की बजाय मोथा (जंगली/देहाती) घास लगाया जा रहा है। घास लगाए जाने का ठेका रूट्स फाउंडेशन नामक NGO को दिया गया है। (देखें तस्वीर) बताया जाता है कि रूट्स फाउंडेशन पर खूंटी में पदस्थापित एक आलाधिकारी की नजरे इनायत है इसलिए फाउंडेशन मनमानी कर रहा है।

क्या कहते हैं जिम्मेवार
लोकेश मिश्रा, उपायुक्त, खूंटी ने इस विषय पर sportsjharkhand.com के सवालों पर चुप्पी थाम ली है। विभिन्न माध्यमों से बार बार प्रयास के बावजूद उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा।
——————————————————–
“ये खूंटी के खिलाड़ियों के साथ क्रूर मजाक है। एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण ITDA योजनान्तर्गत कराया गया है। आपके द्वारा अनियमितता की शिकायत संज्ञान में आई है। वरीय पदाधिकारियों से मिलकर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, इसका विश्वास दिलाता हूं”
मसीह गुडिया, अध्यक्ष, जिला परिषद, खूंटी
“निर्माण से पहले या निर्माण के दौरान ना तो भारतीय एथलेटिक्स ना ही झारखंड एथलेटिक्स संघ से कोई तकनीकी सहयोग मांगा गया। स्टेडियम बनने के बाद हमसे “मान्यता” का देने का दबाव बनाया गया। हम गलत को सही नहीं बता सकते”
मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष, भारतीय एथलेटिक्स सह अध्यक्ष झारखंड एथलेटिक्स संघ
“निर्माण के दौरान हमलोगों ने काम करा रही एजेंसी को कई बार आगाह किया कि काम गलत हो रहा है लेकिन एजेंसी ने हमारी एक नहीं सुनी। जिस तरह का ट्रैक बिछा है, साल भर में सब खत्म हो जाएगा”
दशरथ महतो, सचिव, खूंटी जिला एथलेटिक्स संघ