55वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री में गुमला की सुप्रीति ने जीता स्वर्ण

भारतीय एथलेटिक्स संघ एवं पंजाब एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वाधान में चंडीगढ़ में आयोजित 55वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में रविवार को गुमला की सुप्रीति कच्छप ने बालिका अंडर 18 आयु वर्ग के 4 किलोमीटर दौड़ में 14 मिनट 40 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। तमिलनाडु की आकांक्षा ने रजत और राजस्थान की उर्मिला ने कांस्य पदक जीता। सुप्रीति की उपलब्धि पर झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सह भारतीय एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक, सचिव सीडी सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष झा, शिव कुमार पांडे, प्रभात शंकर, प्रभाकर वर्मा, विनोद सिंह, आलोक कुमार, संजय त्रिपाठी, सुखेर भगत, फादर रामू ,जी नारायण, अशोक कुमार, रामानंद खंडित, योगेश यादव, प्रभात रंजन तिवारी, शशांक भूषण सिंह, अजय नायक, आशु भाटिया, शैलेश कुमार शर्मा, संजय घोष, सिकंदर महतो, वरुण कुमार, रणवीर सिंह, रितेश झा, अजीत साहू, स्वेत प्रशांत, राकेश सिंह, बंधन टोप्पो, नीरज रॉय, सरोज यादव समेत कई खेल प्रशासकों ने बधाई दी है।
सुप्रीति ने दो माह के अंदर जीता 5वां राष्ट्रीय पदक
सुप्रिति अभी शानदार फॉर्म में चल रही है। पिछले दो माह के अंदर सुप्रीति का यह 5वां राष्ट्रीय पदक है। सुप्रीति ने फेडरेशन कप में दो कांस्य, जूनियर नेशनल में 1 रजत व 1 कांस्य पदक जीता इसके बाद यह स्वर्ण पदक।