झारखंड में सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का बन रहा मजाक, गढ़वा के मेराल में एक स्कूल ने तीन ओवर एज खिलाड़ी मैदान में उतारे, विपक्षी टीम ने विरोध दर्ज कराया तो मिली तनख्वाह रोकने की धमकी

झारखंड में सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का बन रहा मजाक, गढ़वा के मेराल में एक स्कूल ने तीन ओवर एज खिलाड़ी मैदान में उतारे, विपक्षी टीम ने विरोध दर्ज कराया तो मिली तनख्वाह रोकने की धमकी
गढ़वा/रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड में खेल से खिलवाड़ की एक नई परिपाटी सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 के दौरान शुरू कर दी गई है। राज्य में प्रतियोगिता का आयोजन करा रहे झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रत्येक टीम को दो ओवर एज खिलाड़ी मैदान में उतारने की खुली छूट दे रखी है। दो ओवर एज खिलाड़ियों की छूट मिलने के बाद गढ़वा के मेराल प्रखंड के राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय की टीम ने U 17 बालक प्रतियोगिता में तीन ओवर एज खिलाड़ियों को मैदान में उतार डाला और प्रखंड स्तरीय फाइनल मुकाबला जीत लिया। विपक्षी टीम बाना उच्च विद्यालय की ओर से जब विरोध किया गया तो आयोजकों ने उसके प्राचार्य को ये धमकी मिली कि ज्यादा कानूनची बनोगे तो तनख्वाह रोक दी जाएगी। sportsjharkhand.com के पास तीनों ओवर एज खिलाड़ियों के दस्तावेज मौजूद हैं, जिसपर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर और मुहर भी अंकित हैं। यही नहीं मैच से पहले शारीरिक शिक्षक सुशील तिवारी द्वारा हस्ताक्षरित खिलाड़ियों के नाम और उनकी जन्मतिथि से जुड़ा दस्तावेज भी उपलब्ध है।

स्कूल के शारीरिक शिक्षक द्वारा जमा कराई गई ओवर एज खिलाड़ियों की सूची (लाल रंग से अंडरलाइन)

 

ये तीन खिलाड़ी हैं ओवर एज

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के SOP के अनुसार U 17 बालक की जन्मतिथि का कट ऑफ डेट 1 जनवरी 2009 है। मतलब साफ है कि वही बच्चा प्रतियोगिता में भाग ले सकता है जो 1 जनवरी 2009 के बाद जन्मा हो। (देखें निर्देश)

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का निर्देश

इस लिहाज से ये तीन खिलाड़ी ओवर एज पाए गए हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है

1. हिमांशु कुमार रजक : प्राचार्य और खिलाड़ी के हस्ताक्षर के साथ फॉर्म में हिमांशु की जन्मतिथि 15 अप्रैल 2008 अंकित है। हिमांशु अपनी टीम का उपकप्तान भी है। (देखें फॉर्म)

2. हरिओम कुमार रजक : प्राचार्य और खिलाड़ी के हस्ताक्षर के साथ फॉर्म में हरिओम की जन्मतिथि 11 सितंबर 2007 अंकित है। (देखें फॉर्म)

3. चंदन कुमार चौधरी : प्राचार्य और खिलाड़ी के हस्ताक्षर के साथ फॉर्म में चंदन की जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 अंकित है।  (देखें फॉर्म)

 

पिछले वर्ष ओवर एज खिलाड़ियों के आरोप में झारखंड की U15 टीम को बंगलौर में किया गया था बाहर

ओवर एज खिलाड़ियों को लेकर झारखंड शर्मशार होता रहा है। पिछले वर्ष बैंगलोर में झारखंड की U 15 बालक फुटबॉल टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया था। कारण टीम में कई ओवर एज खिलाड़ी शामिल थे। इस गलती से कोई सीख नहीं लेते हुए प्रखंड स्तर से ही ओवर एज खिलाड़ियों और उनकी टीम को प्रश्रय दिया जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो बैंगलोर का इतिहास कभी भी दोहराया जा सकता है।