सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल चैंपियनशिप 2023 : हरियाणा को रौंद, झारखंड बना चैंपियन

सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल चैंपियनशिप 2023 : हरियाणा को रौंद, झारखंड बना चैंपियन
रांची

टीम sportsjharkhand.com

सुब्रतो मुखर्जी समिति की ओर से नई दिल्ली में 19 से 26 सितंबर तक 62वीं U 17 बालिका सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस चैंपियनशिप को झारखंड ने जीत लिया है। हरियाणा को हरा सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल चैंपियनशिप 2023 का खिताब झारखंड ने जीता। बताते चलें कि इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान झारखंड की टीम तमाम टीमों पर हावी रही। अपने सभी लीग मैच जीत कर झारखंड ने पहले ही अपना दबदबा कायम कर दिया था।

झारखंड टीम ने पहले मैच में दिल्ली के विरुद्ध 23-0, दूसरे मैच में गुजरात को 9-1, तीसरे मैच में केरल को 7- 0 से, चौथे मैच क्वार्टर फ़ाइनल में त्रिपुरा को 5-0, पांचवे मैच सेमीफाइनल में एनसीसी को 2-0 से पराजित किया था। फाइनल के खिताबी मुकाबले में झारखंड की टीम ने हरियाणा को 3-0 से पराजित कर खिताब को जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में अनीता डुंगडुंग 2 और शाउलीना डांग ने 1 गोल दाग टीम को जीत दिलाई।  झारखंड की टीम ने इस टूर्नामेंट में 6 मैच में 49 गोल कर नया रिकॉर्ड दर्ज किया है।

इन खिलाड़ियों का रहा जलवा

पूरे टूर्नामेंट में सूरज मुनी कुमारी, अल्का इंदवार, ममता कुमारी, नमिता कुमारी, एलिजाबेथ लकड़ा, रिया वर्मा, शाउलिना डांग , रेशमी मिंज, अनिता डुंग डुंग, बिनीता होरो, अल्फा कांडुलना, बीना कुमारी, शबर्णी कुमारी, दीपिका कुमारी, संध्या कुमारी का प्रदर्शन शानदार रहा।

झारखंड टीम के इस उम्दा प्रदर्शन और उपलब्धि पर खेल सचिव मनोज कुमार, शिक्षा सचिव के रवि कुमार, राज्य परियोजना परिषद के निदेशक किरण कुमारी पासी, कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग, खेल निदेशक सुशांत गौरव, उपनिदेशक खेल राज किशोर खाखा समेत खेल और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के आलावे राज्य के खिलाड़ियों और टीम के कोच बिना केरकेटा, खेल विभाग के पूर्व प्रशिक्षक निर्वतमान खेल शिक्षक सह टीम मैनेजर प्रभात रंजन तिवारी ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।