खेलो झारखंड लोगो, एंथम और कैलेंडर का हुआ लोकार्पण

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा खेलो झारखंड कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर किया जा रहा है। जिसमें राज्य के सरकारी स्कूलों, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, मॉडल स्कूल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल में पढ़ने वाले छात्र विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
खेलो झारखंड कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से खेलो झारखंड एंथम और लोगो बनाया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को खेलो झारखंड एंथम एवं लोगो लॉन्च किया गया। परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी ने कहा की इस वर्ष विद्यालय स्तर एवं प्रखंड स्तर पर खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ी है, राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में कई जिलों की टीम ने पहली बार भाग लिया है। हमने खेलो की संख्या को बढ़ा कर 28 किया है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी किसी एक खेल में जरुर भाग ले। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए छात्र-छात्राओं को जागरूक करने एवं उन्हें प्रेरित करने के लिए खेलो झारखंड एंथम तथा राज्य के जिले, प्रमंडल, विभिन्न खेलों, ओलंपिक एवं देश प्रेम से जुड़ा प्रतीक चिन्ह का निर्माण किया है।
हमारा विभाग बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे न सिर्फ बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को पदक दिलाने हेतु स्कूली स्तर पर खिलाड़ी तैयार होंगे।
एंथम
खेलो झारखंड एंथम को सुरो से सजाया है संगीतकार रोहन देव पाठक ने, शब्दों में पिरोया है, गीतकार एम मोदस्सर ने तथा अपनी सुरीली आवाज़ गायक हर्षा बच्चन एवं रोहन देव पाठक ने दी है, वहीं विजुअल निर्देशन चंद्रदेव सिंह ने किया है। एंथम के विजुअल में पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधुमंसूरी, ओलंपियन मनोहर टोपनो, ओलंपियन दीपिका कुमारी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, सुमरई टेटे, शाहबाज नदीम, दीपिका सोरेंग, अष्टम उरांव, मोनू सिंह, कुमार देवब्रत, विराट सिंह, सुशांत मिश्रा, शाहिना प्रवीण, प्रीती कुमारी, दिव्यांग अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यमुना कुमार पासवान, मनीष कुमार समेत कई खिलाड़ी थीम सॉन्ग खेलो-खेलो, खेलो झारखंड की शोभा बढ़ा रहे है।
खेलो झारखंड प्रतीक चिन्ह
खेलो झारखंड प्रतीक चिन्ह का निर्माण शारीरिक शिक्षा शिक्षक एम मोदस्सर ने किया है। यह प्रतीक चिन्ह चार घेरों से मिल कर बना है। जिसका बाहरी घेरा 24 रिंग्स के आपस में मिल कर जुड़ने से बना है, जो राज्य के 24 जिलों का प्रतिनिधित्व कर रही है। इन रिंग्स के लिए पांच रंग ब्लू, काला, लाल, पीला एवं हरा एक ओर ओलंपिक रिंग्स का तथा दूसरी ओर राज्य के पांच प्रमण्डल और उनके जिलों को दर्शाती है। दूसरे घेरे में “SCHOOL EDUCATION AND LITERACY DEPARTMENT, GOVERNMENT OF JHARKHAND” है, जो खेलो झारखण्ड कार्यक्रम की मदर अथॉरिटी है, इसका केसरिया रंग तिरंगे की प्रथम पट्टी से लिया गया है। तीसरे घेरे की आकृतियाँ विभिन्न खेलों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वहीं इसका सफेद एवं नीला रंग तिरंगे की दूसरी पट्टी से लिया गया है। चौथे घेरे में हिन्दी एवं अंग्रेजी में “खेलो झारखण्ड” एवं “KHELO JHARKHAND” है । इसका हरा रंग झारखण्ड की हरियाली को दर्शाती है। यह हरा रंग तिरंगे की तीसरी पट्टी से लिया गया है। प्रतीक चिन्ह के बीचो-बीच केसरिया एवं हरे रंग की अंग्रेजी के बड़े अक्षर “K J” की दो आकृतियाँ एक ओर खेलो झारखण्ड तथा दूसरी ओर बालक एवं बालिका खिलाड़ी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

इस मौके पर ममता लकड़ा (राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी), प्रमोद सिन्हा विशेषज्ञ एम आर ई, ओ पी मिश्रा, अनुपा तिर्की, शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद कोषांग, राज्य परियोजना के विद्या कुमारी, प्रभात रंजन तिवारी, एम मोदस्सर, समीर कुमार, चंद्रदेव सिंह, उमेश कुमार दास, जगजीत सिंह, मो जावेद अंसारी, शंकर पाल, , कलावती कुमारी, हस्सान नूरी उपस्थित थे।