खेल आयोजनों को लेकर शिक्षा और खेल विभाग फिर आमने-सामने

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
प्री सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग और खेल विभाग एक बार फिर से आमने-सामने है। दरअसल खेल निदेशालय की ओर से सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता और शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होनेवाले खेलो झारखंड प्रतियोगिता की तिथियां एक दूसरे से टकरा गई हैं। सुब्रतो कप के लिए 13 जुलाई से 26 अगस्त तक प्रखंड, जिला, प्रमंडल व राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होनी है। इसी दौरान खेलो झारखंड की भी स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता होनी है। शिक्षा विभाग ने अपने अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्रों के लिए साफ साफ निर्देश जारी किया है कि वे खेलो झारखंड प्रतियोगिता के आयोजन में अपनी भूमिका निभाएं व भाग लें। वहीं दूसरी बगैर सक्षम प्राधिकार की अनुमति के खेल निदेशालय ने जिला शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को सुब्रतो कप प्रतियोगिता में सहयोग करने का निर्देश दे दिया है। निदेशालय के अलावा कई जिला खेल पदाधिकारियों ने भी ऐसा ही आदेश निकाल दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने पत्र निकालकर अपने अधिकारियों, पीटी टीचर और बच्चों को निर्देश जारी कर दिया है।

छात्रों के समक्ष उहापोह की स्थिति
सुब्रतो कप फुटबॉल और खेलो झारखंड में स्कूल के विद्यार्थी ही खिलाड़ी होते हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग के पत्र के बाद फुटबॉल खेलनेवालें खिलाड़ियों के समक्ष उहापोह की स्थिति बन आई है। निर्देशानुसार उन्हें खेलो झारखंड प्रतियोगिता में भाग लेना होगा और फिर समय बचे तो सुब्रतो कप में भाग लेना होगा। तिथियां टकराने और खेल व शिक्षा विभाग के बीच सामंजस्य की कमी से स्कूल के विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
