खेल मंत्री ने मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अपग्रेडेशन और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर की उच्च स्तरीय बैठक, CMD से कहा – CCL अपनी जिम्मेवारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करे

| रांची |
गुरुवार को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (MSC) के हालात से नाराज़ राज्य के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने उच्च स्तरीय बैठक के दौरान MSC के अपग्रेडेशन और वर्षों से लटके खेल विश्वविद्यालय की स्थापना जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया। झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) के संचालन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। खेल मंत्री ने CCL CMD नीलेंदु कुमार सिंह को कोल इंडिया लिमिटेड के साथ समन्वय स्थापित कर इस दिशा में जल्द से जल्द सकारात्मक पहल करने का निर्देश दिया जिससे कि खेल विश्वविद्यालय जल्द से जल्द मूर्त रूप ले सके। CCL के CMD ने आश्वस्त किया कि खेलगांव के जीर्णोद्धार और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु कोल इंडिया के साथ आवश्यक संवाद कर शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक के दौरान CCL CMD नीलेंदु कुमार सिंह और विभागीय सचिव मनोज कुमार के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे।
“मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुसार झारखंड की शान विश्वस्तरीय मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य ही नहीं, देश और विदेश के छात्र भी खेल शिक्षा के विभिन्न विषयों में अध्ययन कर सकें। इसके लिए जल्द से जल्द खेल विश्वविद्यालय जल्द स्थापित हो, इस प्रयास में हम सभी जुटे हैं। शुरुआत में हो रही देरी चिंता का विषय है”
सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग